



ऋषिकेश, 29 अक्टूबर(दिलीप शर्मा): दीपावली पर्व के मद्देनजर अवैध पटाखों की बिक्री पर अंकुश लगाने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ऋषिकेश पुलिस एवं प्रशासन सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी देहरादून के निर्देशों के अनुपालन में गुरुवार को तहसीलदार प्रदीप नेगी के नेतृत्व में कोतवाली ऋषिकेश पुलिस और फायर सर्विस की संयुक्त टीम ने क्षेत्र में पटाखों की दुकानों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान टीम ने पटाखा विक्रेताओं के लाइसेंस और बिक्री से संबंधित आवश्यक अभिलेखों की जांच की। जांच में दो दुकानदारों के पास पटाखों की बिक्री के लिए पांच वर्षीय लाइसेंस पाए गए, जबकि कुछ दुकानदारों ने लाइसेंस के लिए ऑनलाइन शुल्क जमा करने संबंधी रसीदें प्रस्तुत कीं।

लाइसेंस मिलने के बाद ही दुकान संचालित करने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान तहसीलदार प्रदीप नेगी ने संबंधित तीन दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्धारित लाइसेंस प्राप्त किए बिना पटाखों की दुकान संचालित न करें। उन्होंने कहा कि नियमानुसार लाइसेंस प्राप्त होने के बाद ही पटाखों की बिक्री की अनुमति होगी। सभी विक्रेताओं को निर्धारित नियमों और सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए ही कारोबार करने के निर्देश दिए गए।

अनियमितता मिलने पर होगी कानूनी कार्रवाई
प्रशासन की ओर से दीपावली पर्व के दौरान पटाखों की दुकानों का निरीक्षण जारी रहेगा। इसका उद्देश्य अवैध रूप से पटाखों की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के साथ ही आमजन की सुरक्षा और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना है।
पुलिस एवं प्रशासन ने पटाखा विक्रेताओं से आवश्यक लाइसेंस प्राप्त करने और निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की है। साथ ही चेतावनी दी है कि बिना वैध लाइसेंस पटाखों की बिक्री करने अथवा अन्य अनियमितताएं पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।





