मुख्यमंत्री धामी ने श्रीनगर-देवप्रयाग राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहाड़ी के उपचारात्मक कार्यों का लिया जायजा
एक नवंबर तक प्रदेश की सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के निर्देश, देवप्रयाग में सफाई व्यवस्था पर जताई नाराजगी




टिहरी गढ़वाल, 28 अक्टूबर(दिलीप शर्मा): मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गैरसैंण में विधानसभा सत्र के बाद देहरादून लौटते समय श्रीनगर-देवप्रयाग राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहाड़ी के उपचारात्मक कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों और इंजीनियरों से कार्यों की स्थिति, अब तक हुई प्रगति तथा आगामी कार्ययोजना की जानकारी ली। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेशभर की सड़कों को आगामी एक नवंबर तक गड्ढामुक्त बनाने के निर्देश भी दिए।

मुख्यमंत्री ने देवप्रयाग से श्रीनगर की ओर जाते समय राष्ट्रीय राजमार्ग पर चल रहे पहाड़ी के उपचारात्मक कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों में जुटे इंजीनियरों और श्रमिकों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना तथा कार्यों की प्रगति के संबंध में जानकारी प्राप्त की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क सुधार और पहाड़ी के उपचार से संबंधित कार्यों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए। इस दौरान उन्होंने कार्यस्थल पर मौजूद इंजीनियरों एवं श्रमिकों के साथ फोटो भी खिंचवाई।

देवप्रयाग में सफाई व्यवस्था पर जताई नाराजगी
देहरादून लौटते समय मुख्यमंत्री ने देवप्रयाग के समीप सड़क मार्ग पर स्थित सुलभ शौचालय का निरीक्षण किया। वहां स्वच्छता व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और संबंधित अधिशासी अधिकारी को तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देवप्रयाग धार्मिक एवं पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थल है, जहां देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में यहां स्वच्छता बनाए रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जनसुविधाओं की नियमित निगरानी करने और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।

चाय की दुकान पर दुकानदार से किया संवाद, संगम पर मां गंगा को नमन
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री धामी देवप्रयाग में एक चाय की दुकान पर भी रुके। यहां उन्होंने दुकानदार से आत्मीयता के साथ बातचीत की और उसका हालचाल जाना। इसके बाद उन्होंने देवप्रयाग संगम के दर्शन कर मां गंगा को हाथ जोड़कर नमन किया।
मुख्यमंत्री ने यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर सड़कों की स्थिति का भी जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश की सभी सड़कों को एक नवंबर तक गड्ढामुक्त बनाने के लिए अभियान चलाकर कार्य किया जाए। साथ ही सड़क सुधार कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की नियमित समीक्षा सुनिश्चित करने को कहा।

कीर्तिनगर के मलेथा में भाजपा प्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों से मिले
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सड़क मार्ग से देहरादून लौटते समय कीर्तिनगर के मलेथा स्थित भाजपा कार्यालय पहुंचकर पार्टी प्रतिनिधियों और स्थानीय निवासियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने लोगों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना और स्थानीय लोगों के साथ संवाद किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेशवासियों को सुरक्षित, सुगम और गुणवत्तापूर्ण आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। सड़कों की स्थिति में सुधार और जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए संबंधित विभागों को गंभीरता से कार्य करना होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।





