ई-कचरे का सही निस्तारण जरूरी, पालिका ने लोगों को किया जागरूक
घरों और दुकानों तक पहुंचा ‘हर दुकान, हर घर दस्तक’ अभियान, इलेक्ट्रॉनिक कचरे को सामान्य कूड़े से अलग रखने की अपील




मुनिकीरेती/टिहरी(दिलीप शर्मा): नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला की ओर से मंगलवार को ‘हर दुकान, हर घर दस्तक’ अभियान के तहत ई-वेस्ट (इलेक्ट्रॉनिक कचरे) के सुरक्षित प्रबंधन को लेकर जनजागरूकता अभियान चलाया गया। मॉडर्न इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, ढालवाला के सहयोग से विभिन्न वार्डों और बाजार क्षेत्रों में नागरिकों एवं व्यापारियों को ई-कचरे के दुष्प्रभावों और वैज्ञानिक निस्तारण की जानकारी दी गई।

पालिका अध्यक्ष श्रीमती नीलम बिजल्वाण एवं अधिशासी अधिकारी बद्री प्रसाद भट्ट के निर्देश पर आयोजित अभियान का नेतृत्व मुख्य सफाई निरीक्षक नितिन सती और सेनेटरी इंस्पेक्टर कमल सिंह चौहान ने किया।

अभियान के दौरान लोगों को बताया गया कि पुराने मोबाइल फोन, चार्जर, बैटरी, कंप्यूटर और अन्य खराब इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को सामान्य कूड़े में न डालें। इन्हें अलग एकत्रित कर अधिकृत संग्रह केंद्रों या पंजीकृत पुनर्चक्रणकर्ताओं को सौंपें। ई-कचरे को खुले में जलाने या फेंकने से पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य को नुकसान पहुंच सकता है, जबकि वैज्ञानिक पुनर्चक्रण से उपयोगी संसाधनों का संरक्षण संभव है।
पालिका ने नागरिकों और व्यापारियों से ई-कचरे का उचित पृथक्करण करने तथा स्वच्छ एवं हरित नगर बनाने में सहयोग की अपील की।
ये रहे मौजूद: अभियान में मॉडर्न इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के असिस्टेंट प्रोफेसर राजेश सिंह एवं योगेश लखेरा सहित पालिका के अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।





