



ऋषिकेश, 25 अक्टूबर(दिलीप शर्मा): ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने रविवार को ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के श्यामपुर मंडल स्थित राणा फार्म हाउस में बूथ संख्या 132 पर कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का 139वां एपिसोड सामूहिक रूप से सुना। इस बार कार्यक्रम का मुख्य विषय ‘मन की बात युवाओं के साथ’ रहा। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री के विचारों और राष्ट्र निर्माण में जनभागीदारी के महत्व पर चर्चा की गई।

‘मन की बात’ देशवासियों को प्रेरित करने का सशक्त माध्यम
डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम देशवासियों को प्रेरित करने, समाज में सकारात्मक बदलाव लाने और राष्ट्र निर्माण में जनभागीदारी को प्रोत्साहित करने का सशक्त माध्यम है। इस कार्यक्रम के जरिए प्रधानमंत्री देश के विभिन्न क्षेत्रों में हो रहे नवाचारों, उपलब्धियों और समाज के लिए प्रेरणादायी कार्य करने वाले लोगों के प्रयासों को देशभर के सामने लाते हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम के 12 वर्ष पूर्ण होने का उल्लेख करते हुए बताया कि इसकी शुरुआत विजयादशमी के दिन हुई थी। प्रधानमंत्री ने इस यात्रा को देश के प्रत्येक परिवार को करीब से समझने वाली ‘तीर्थ यात्रा’ के समान बताया। यह कार्यक्रम समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़ने और देशभर में हो रहे सकारात्मक प्रयासों को साझा करने का महत्वपूर्ण मंच बन चुका है।
स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने का किया आह्वान
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री ने दीपावली सहित आगामी त्योहारों के मद्देनजर देशवासियों से स्थानीय उत्पादों की खरीदारी करने और ‘वोकल फॉर लोकल’ के संकल्प को मजबूत बनाने का आह्वान किया है। स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देने से छोटे व्यापारियों, कारीगरों और उद्यमियों को प्रोत्साहन मिलता है। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होने के साथ ही आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को भी गति मिलती है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को स्वदेशी और स्थानीय उत्पादों को अपनाने के लिए आगे आना चाहिए, ताकि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ें और देश की आर्थिक मजबूती में जनभागीदारी सुनिश्चित हो सके।
भारतीय प्रतिभा और नवाचार को मिल रही वैश्विक पहचान
विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री ने बिहार के प्रसिद्ध मखाने सहित विभिन्न क्षेत्रीय उत्पादों की वैश्विक पहचान, खेलों में भारतीय खिलाड़ियों की उपलब्धियों, एशियाई खेलों के पदक विजेताओं और विभिन्न क्षेत्रों में नवाचार करने वाले लोगों के प्रयासों का उल्लेख किया। ये उपलब्धियां देश की प्रतिभा, परिश्रम और सामर्थ्य को प्रदर्शित करती हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा महर्षि वाल्मीकि का स्मरण भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक परंपराओं और समृद्ध विरासत के महत्व को भी रेखांकित करता है। देश की सांस्कृतिक धरोहर और प्रतिभाशाली नागरिकों के योगदान को पहचान दिलाना राष्ट्र के प्रति गौरव की भावना को मजबूत करता है।
युवाओं की ऊर्जा से साकार होगा विकसित भारत का सपना
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा, नवाचार और सकारात्मक सोच विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। युवाओं को प्रधानमंत्री के विचारों से प्रेरणा लेकर समाजहित और राष्ट्रहित में सक्रिय योगदान देना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भी आह्वान किया कि वे जनसेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाते हुए सरकार की जनकल्याणकारी सोच और राष्ट्र निर्माण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाएं।
महापौर समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद
इस अवसर पर ऋषिकेश के महापौर शंभू पासवान, भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष शिवम टुटेजा, जिला मंत्री एवं कार्यक्रम संचालक कौशल बिजल्वाण, प्रदेश सह-संयोजक अमन कुकरेती, भाजयुमो ऋषिकेश मंडल अध्यक्ष अनिरुद्ध शर्मा, श्यामपुर मंडल अध्यक्ष प्रज्ञा रावत, रायवाला मंडल अध्यक्ष शिवम मनराल, युवक मंगल दल अध्यक्ष रजत बडोनी, कुलदीप नेगी सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





