मुनिकीरेती-ढालवाला में सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ अभियान, 900 रुपये का जुर्माना वसूला
जानकी सेतु, आस्था पथ और मधुवन चौक में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण, प्रतिबंधित पॉलिथीन का इस्तेमाल करने वालों पर कार्रवाई




मुनिकीरेती/टिहरी(दिलीप शर्मा): नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला की ओर से नगर क्षेत्र को स्वच्छ एवं प्लास्टिक मुक्त बनाने के उद्देश्य से प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया। इस दौरान जानकी सेतु, आस्था पथ और मधुवन चौक क्षेत्र में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। दुकानों के आसपास गंदगी मिलने और प्रतिबंधित पॉलिथीन का उपयोग किए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करते हुए कुल 900 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

पालिका अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण एवं अधिशासी अधिकारी बद्री प्रसाद भट्ट के निर्देशों पर चलाए गए इस अभियान का नेतृत्व मुख्य सफाई निरीक्षक नितिन सती और सेनेटरी इंस्पेक्टर कमल सिंह चौहान ने किया। पालिका टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था का जायजा लेते हुए दुकानदारों को अपने प्रतिष्ठानों के आसपास स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए।

दुकानदारों को प्रतिबंधित पॉलिथीन का इस्तेमाल न करने की हिदायत
निरीक्षण के दौरान जिन दुकानों के आसपास गंदगी पाई गई और जहां प्रतिबंधित पॉलिथीन का प्रयोग किया जा रहा था, उनके संचालकों के खिलाफ नियमानुसार चालानी कार्रवाई की गई। पालिका टीम ने दुकानदारों को प्रतिबंधित प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं करने और कूड़े का उचित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
यात्रियों और पर्यटकों से स्वच्छता बनाए रखने की अपील
अभियान के दौरान आस्था पथ और जानकी सेतु पर आने वाले यात्रियों एवं पर्यटकों से भी सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ बनाए रखने की अपील की गई। पालिका टीम ने लोगों से कूड़ा-कचरा इधर-उधर न फेंकने और उसे निर्धारित डस्टबिन में ही डालने का आग्रह किया। साथ ही पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के स्थान पर पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने की अपील की गई।
नियमित रूप से जारी रहेगा अभियान
नगर पालिका परिषद ने स्पष्ट किया कि नगर क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने, सार्वजनिक स्थलों को साफ रखने और प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल पर रोक लगाने के लिए नियमित निरीक्षण एवं प्रवर्तन अभियान चलाए जाते रहेंगे। पालिका प्रशासन ने नागरिकों, व्यापारियों और पर्यटकों से स्वच्छता अभियान में सहयोग करने की अपील की।
अभियान में ये रहे शामिल: मुख्य सफाई निरीक्षक नितिन सती, सेनेटरी इंस्पेक्टर कमल सिंह चौहान तथा पालिका कर्मी रोहित और सूरज।





