उत्तराखंडऋषिकेशमेला

लायंस दीपावली मेले में अनुषिका बनीं ‘मिस ऋषिकेश 2026’

पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने दीप प्रज्वलित कर किया मेले का शुभारंभ, नृत्य और गायन प्रतियोगिताओं में स्थानीय प्रतिभाओं ने बिखेरी चमक

ऋषिकेश,(दिलीप शर्मा): लायंस क्लब ऋषिकेश रॉयल की ओर से पीजी कॉलेज ग्राउंड, हरिद्वार रोड पर आयोजित भव्य ‘लायंस दीपावली मेला-2026, ऑटो एक्सपो एवं मिस ऋषिकेश’ में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, मनोरंजक गतिविधियों और विभिन्न प्रतियोगिताओं ने दर्शकों का मन मोह लिया। मेले का शुभारंभ पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर ऋषिकेश विधायक प्रेमचंद अग्रवाल और महापौर शंभू पासवान सहित अनेक गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।

दीपावली के उल्लास, सांस्कृतिक रंगों और सामाजिक सेवा की भावना से सजे इस आयोजन में शहरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मेले का मुख्य उद्देश्य मनोरंजन के साथ जरूरतमंद एवं गरीब विद्यार्थियों की सहायता करना और स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी कला प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध कराना रहा।

अनुषिका ने जीता ‘मिस ऋषिकेश-2026’ का खिताब

मेले का प्रमुख आकर्षण ‘मिस ऋषिकेश-2026’ प्रतियोगिता रही। इसमें प्रतिभागियों ने आत्मविश्वास, व्यक्तित्व, प्रतिभा और मंच पर शानदार प्रस्तुति के माध्यम से निर्णायकों एवं दर्शकों को प्रभावित किया। कड़े मुकाबले के बाद अनुषिका ने ‘मिस ऋषिकेश-2026’ का खिताब अपने नाम किया। प्रगति प्रथम रनर-अप और हनी राणा द्वितीय रनर-अप रहीं। विजेताओं को उपस्थित अतिथियों और दर्शकों ने बधाई देते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

नृत्य प्रतियोगिताओं में बच्चों और युवाओं ने दिखाया हुनर

मेले में आयोजित जूनियर और सीनियर डांस प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने आकर्षक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। जूनियर डांस प्रतियोगिता में नाइशा जैन ने प्रथम, आरोही ने द्वितीय और दिशी राजपूत ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, सीनियर डांस प्रतियोगिता में नोविका पाल प्रथम, ऋषभ द्वितीय और अक्षत जोशी तृतीय स्थान पर रहे।

ग्रुप डांस प्रतियोगिता में एसपीपीएस डांस ग्रुप, वन डायरेक्शन गर्ल्स और एसबीएम स्कूल डांस ग्रुप ने अपनी प्रस्तुतियों से माहौल को उत्साह और उमंग से भर दिया।

गायन प्रतियोगिता में अवंत सिंह रहे प्रथम

गायन प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपनी सुरीली आवाज और शानदार प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रतियोगिता में अवंत सिंह ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि मोहित मरचवान द्वितीय और श्रेया रावत तृतीय स्थान पर रहीं। इसके अलावा मेहंदी प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा, रचनात्मकता और आकर्षक डिजाइनों के माध्यम से अपनी कला का प्रदर्शन किया।

ऑटो एक्सपो और फूड स्टॉल बने आकर्षण का केंद्र

मेले में आयोजित ऑटो एक्सपो में विभिन्न वाहन कंपनियों ने हिस्सा लिया। वाहनों की प्रदर्शनी के साथ ही विभिन्न व्यंजनों के फूड स्टॉल, बच्चों के लिए मनोरंजक गतिविधियां, सांस्कृतिक कार्यक्रम, आकर्षक पुरस्कार और लकी ड्रॉ भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। शहरवासियों ने मेले में आयोजित विभिन्न गतिविधियों का आनंद लेने के साथ स्थानीय प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन किया।

क्लब अध्यक्ष ने सदस्यों के प्रयासों को सराहा

लायंस क्लब ऋषिकेश रॉयल के अध्यक्ष लायन ऋषभ जैन ने मेले की सफलता पर सभी अतिथियों, प्रायोजकों, प्रतिभागियों, सहयोगियों और क्लब सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि किसी भी बड़े आयोजन की सफलता पूरी टीम की एकजुटता, समर्पण और मेहनत पर निर्भर करती है। क्लब के सदस्यों ने आयोजन को भव्य और व्यवस्थित बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

क्लब सचिव लायन सागर ग्रोवर और कोषाध्यक्ष लायन अतुल सिंघल ने संयुक्त रूप से बताया कि मेले का उद्देश्य सामाजिक सेवा की भावना को बढ़ावा देना, जरूरतमंद विद्यार्थियों की सहायता करना और ऋषिकेश की स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने के लिए सशक्त मंच उपलब्ध कराना है। उन्होंने आयोजन में सहयोग देने वाले सभी प्रायोजकों, संस्थानों, प्रतिभागियों, अतिथियों और नागरिकों का आभार जताया।

भविष्य में भी समाजसेवा के कार्य जारी रखेगा क्लब

मेला चेयरमैन लायन अभिनव गोयल, लायन पंकज चंदानी और लायन सुमित चोपड़ा ने आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले क्लब सदस्यों, प्रायोजकों, ऑटो एक्सपो में भाग लेने वाले प्रतिष्ठानों, प्रतियोगियों, अतिथियों और मीडिया प्रतिनिधियों का धन्यवाद किया।

उन्होंने कहा कि सभी सदस्यों के सहयोग, अनुशासन, जिम्मेदारी और सकारात्मक सोच से आयोजन को भव्य स्वरूप मिला। लायंस क्लब ऋषिकेश रॉयल भविष्य में भी समाजसेवा, जरूरतमंद विद्यार्थियों की सहायता और स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयास करता रहेगा।

मेले ने ऋषिकेश में सांस्कृतिक उत्सव, सामाजिक एकता और सेवा भावना का संदेश दिया। आयोजकों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Back to top button