ऋषिकेश में 90 टेट्रा पैक अवैध देशी शराब के साथ युवक गिरफ्तार
श्यामपुर क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस ने की कार्रवाई, शराब तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद




ऋषिकेश, 25 अक्टूबर(दिलीप शर्मा): जनपद को नशामुक्त बनाने और अवैध शराब सहित मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत ऋषिकेश कोतवाली पुलिस ने एक युवक को अवैध देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 90 टेट्रा पैक देशी शराब माल्टा मसालेदार बरामद की है। शराब के परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी कब्जे में लिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 24 अक्टूबर को कोतवाली ऋषिकेश की पुलिस टीम हरिद्वार-ऋषिकेश मार्ग पर श्यामपुर क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान युवक के पास मौजूद भूरे रंग के पिट्ठू बैग से 90 टेट्रा पैक देशी शराब माल्टा मसालेदार बरामद हुई।
शराब के संबंध में पूछताछ करने पर युवक उसे रखने और परिवहन करने का कोई वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को मौके पर गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान रवि कुमार (19 वर्ष), पुत्र प्रविन्द्र कुमार, निवासी पीतपुर, पोस्ट ऐथल, थाना लक्सर, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है।
आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बरामद शराब के साथ तस्करी में प्रयुक्त हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल संख्या UK08AQ-7422 को भी बरामद किया है। मामले में कोतवाली ऋषिकेश में मुकदमा अपराध संख्या 558/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 60(1)/72 में अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
अवैध शराब के विरुद्ध की गई इस कार्रवाई में हेड कांस्टेबल कुलदीप सिंह (हेड कांस्टेबल संख्या 316) और कांस्टेबल अशोक कुमार (कांस्टेबल संख्या 124) शामिल रहे।





