उत्तराखंडऋषिकेशदेहरादून

लेखक गाँव अंतर्राष्ट्रीय महोत्सव का भव्य आयोजन, 60 से अधिक देशों की साहित्यिक विभूतियां जुटीं

राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन रहे मुख्य अतिथि, स्वामी चिदानंद सरस्वती ने कहा—कल्पना से लोकमंगल तक की सृजन यात्रा है लेखक गाँव

ऋषिकेश/देहरादून,(दिलीप शर्मा): साहित्य, संस्कृति और कला को समर्पित लेखक गाँव अंतर्राष्ट्रीय महोत्सव-2026 का आयोजन 25 से 29 अक्टूबर तक किया जा रहा है। पांच दिवसीय महोत्सव में 60 से अधिक देशों के साहित्यकारों, विचारकों और विशिष्ट अतिथियों की सहभागिता से अंतर्राष्ट्रीय साहित्यिक एवं सांस्कृतिक संवाद को मंच मिलेगा।

कार्यक्रम में उत्तराखंड के राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन मुख्य अतिथि रहे। मॉरीशस के पूर्व राष्ट्रपति पृथ्वीराज सिंह रूपन, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज एवं प्रदीप बत्रा, रवीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति संतोष चौबे और ब्रिटेन के प्रख्यात कथाकार तेजेंद्र शर्मा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। महोत्सव का आयोजन डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ के मार्गदर्शन एवं प्रेरणा से किया गया।

राज्यपाल डॉ. बिसेन ने कहा कि भारत के स्वतंत्रता संग्राम में साहित्यकारों और उनकी लेखनी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। साहित्य एवं कला ने जनमानस में राष्ट्रीय चेतना जागृत करने और समाज को स्वतंत्रता के संकल्प से जोड़ने में अहम योगदान दिया।

परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती ने कहा कि लेखक गाँव कल्पना से लोकमंगल तक की सृजन यात्रा है। हिमालय की दिव्यता और मां गंगा की पावन धारा के बीच स्थित यह पहल साहित्य को संस्कार, सृजन को संकल्प और रचनात्मकता को लोककल्याण से जोड़ती है।

महोत्सव का उद्देश्य विभिन्न भाषाओं, संस्कृतियों और विचारों को साझा मंच प्रदान कर मानवीय मूल्यों, रचनात्मकता तथा वैश्विक सौहार्द को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम का संचालन डॉ. सुशील उपाध्याय ने किया। आयोजन संयोजक अजय बिष्ट, बालकृष्ण चमोली और पूजा पोखरियाल हैं।

Related Articles

Back to top button