उत्तराखंडऋषिकेशसम्मानित

राष्ट्रीय कला पुरस्कार से सम्मानित पूजा राजपूत को विधायक डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने किया सम्मानित

‘प्रकृति शोषण’ कलाकृति को ललित कला अकादमी की 65वीं राष्ट्रीय कला प्रदर्शनी में मिला पुरस्कार, उपलब्धि से ऋषिकेश और उत्तराखंड का बढ़ाया मान

ऋषिकेश, 27 अक्टूबर(दिलीप शर्मा): ऋषिकेश की प्रतिभाशाली कलाकार पूजा राजपूत को ललित कला अकादमी की 65वीं राष्ट्रीय कला प्रदर्शनी में राष्ट्रीय पुरस्कार मिलने पर ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने उनके आवास पर पहुंचकर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने पूजा राजपूत को गुलदस्ता भेंट किया और मिष्ठान खिलाकर उनकी उपलब्धि पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि पूजा राजपूत ने अपनी कला साधना, प्रतिभा और समर्पण के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर विशिष्ट पहचान स्थापित की है। ललित कला अकादमी की 65वीं राष्ट्रीय कला प्रदर्शनी में उनकी कलाकृति ‘प्रकृति शोषण’ को राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया जाना ऋषिकेश ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तराखंड के लिए गौरव की बात है। देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों यह प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त करना उनकी कलात्मक प्रतिभा और निरंतर साधना का प्रमाण है।

पर्यावरण संरक्षण का संदेश देती है पुरस्कृत कलाकृति

विधायक डॉ. अग्रवाल ने कहा कि पूजा राजपूत की पुरस्कृत कलाकृति ‘प्रकृति शोषण’ मानवीय गतिविधियों और प्रकृति के प्रति व्यवहार से जुड़े गंभीर विषयों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करती है। यह कलाकृति पर्यावरण से जुड़े मुद्दों को सामने लाने के साथ ही प्रकृति के संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश भी देती है।

उन्होंने कहा कि कला केवल भावनाओं की अभिव्यक्ति का माध्यम नहीं है, बल्कि इसके जरिए सामाजिक सरोकारों और जनहित से जुड़े विषयों को भी प्रभावी रूप से प्रस्तुत किया जा सकता है। पूजा राजपूत की उपलब्धि इसका प्रेरक उदाहरण है।

युवाओं और उभरते कलाकारों के लिए बनीं प्रेरणास्रोत

डॉ. अग्रवाल ने कहा कि पूजा राजपूत ने अपनी उपलब्धि से ऋषिकेश और उत्तराखंड का गौरव बढ़ाया है। इससे पहले भी वह विभिन्न राष्ट्रीय मंचों पर सम्मान प्राप्त कर चुकी हैं। पूजा राजपूत पूर्व में स्वर्गाश्रम-जोंक की ग्राम प्रधान के रूप में भी अपनी भूमिका निभा चुकी हैं।

उन्होंने कहा कि पूजा राजपूत की सफलता क्षेत्र के युवाओं और उभरते कलाकारों के लिए प्रेरणास्रोत है। उनकी उपलब्धि से यह संदेश मिलता है कि प्रतिभा, परिश्रम और समर्पण के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान स्थापित की जा सकती है।

इस अवसर पर वीरभद्र मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह, विधानसभा विस्तारक रितु मित्रा, भाजयुमो जिला मंत्री कौशल बिजलवान, मनोज राजपूत, शिवम राजपूत सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button