



ऋषिकेश(दिलीप शर्मा): विधानसभा सत्र के सफल संचालन के बाद देहरादून लौट रहे उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का ऋषिकेश के नटराज चौक पर भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। नगर निगम ऋषिकेश के महापौर शम्भू पासवान के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने मुख्यमंत्री का फूल-मालाओं एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया।
इस दौरान नटराज चौक पर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारों और जयकारों के साथ मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया।

प्रदेश सरकार विकास और सुशासन को दे रही प्राथमिकता : महापौर
इस अवसर पर महापौर शम्भू पासवान ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल नेतृत्व में उत्तराखंड निरंतर विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। प्रदेश सरकार जनहित, सुशासन और विकास को प्राथमिकता देते हुए विभिन्न क्षेत्रों में लगातार कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री धामी की प्रदेश के विकास के प्रति प्रतिबद्धता से आमजन का विश्वास मजबूत हुआ है। उनका ऋषिकेश आगमन पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए उत्साह और ऊर्जा का अवसर है। महापौर ने मुख्यमंत्री के नेतृत्व की सराहना करते हुए प्रदेश के निरंतर विकास की उम्मीद जताई।
कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार कर जताया आभार
देहरादून जाते समय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी नटराज चौक पर कुछ देर रुके और वहां मौजूद कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार किया। उन्होंने स्वागत के लिए एकत्रित कार्यकर्ताओं के स्नेह, उत्साह और समर्थन के प्रति आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री के स्वागत के दौरान नटराज चौक पर उत्साहपूर्ण माहौल बना रहा। इस अवसर पर महापौर शम्भू पासवान के साथ पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।





