उत्तराखंडऋषिकेश

ई-कचरे का उचित निस्तारण जरूरी, विद्यार्थियों को किया जागरूक

प्रधानाचार्य यमुना प्रसाद त्रिपाठी ने इलेक्ट्रॉनिक कचरे को इधर-उधर न फेंकने और पुनर्चक्रण अपनाने की दी सलाह, पर्यावरण संरक्षण के लिए जिम्मेदार बनने का किया आह्वान

ऋषिकेश,(दिलीप शर्मा): श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज, ऋषिकेश में शासन के निर्देशों के क्रम में ई-कचरा प्रबंधन को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य यमुना प्रसाद त्रिपाठी ने छात्र-छात्राओं को इलेक्ट्रॉनिक कचरे के उचित निस्तारण, पुनर्चक्रण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया।

प्रधानाचार्य यमुना प्रसाद त्रिपाठी ने विद्यार्थियों को बताया कि वर्तमान समय में ई-कचरा एक गंभीर पर्यावरणीय समस्या बनता जा रहा है। मोबाइल फोन, टेलीविजन, फ्रिज, रेडियो सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के खराब होने या अनुपयोगी हो जाने पर उनसे निकलने वाले कचरे का उचित प्रबंधन करना बेहद जरूरी है। ऐसे उपकरणों को इधर-उधर फेंकने के बजाय अधिकृत ई-कचरा संग्रह केंद्रों पर देना चाहिए, ताकि उनका सुरक्षित तरीके से पुनर्चक्रण किया जा सके।

उन्होंने कहा कि पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का उपयोग आवश्यकता के अनुसार ही करना चाहिए। उपकरण खराब होने पर उन्हें तुरंत फेंकने के बजाय मरम्मत करवाकर दोबारा उपयोग में लाने का प्रयास करना चाहिए। साथ ही ई-कचरे को खुले में फेंकने या आग में जलाने से बचना चाहिए, क्योंकि जलने पर इससे हानिकारक पदार्थ निकल सकते हैं, जो मानव स्वास्थ्य और पर्यावरण के लिए नुकसानदायक हैं।

उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रॉनिक कचरा सामान्य कचरे की तरह आसानी से नष्ट नहीं होता। इसके लगातार बढ़ते ढेर पर्यावरण के लिए गंभीर चुनौती बन रहे हैं। ऐसे में ई-कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण और पुनर्चक्रण समय की आवश्यकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वयं जागरूक बनें और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी ई-कचरे के उचित प्रबंधन के प्रति जागरूक करें।

जागरूकता कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य यमुना प्रसाद त्रिपाठी, वरिष्ठ प्रवक्ता एवं एनसीसी अधिकारी लखविंदर सिंह, प्रवक्ता शिव प्रसाद बहुगुणा, जितेंद्र बिष्ट, जयकृत सिंह रावत, रंजन अंथवाल, विकास नेगी, अजय कुमार सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button