पेयजल लाइनों के अधूरे कार्यों को गति देने के लिए बजट जल्द जारी करने की मांग
विधायक डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने पेयजल अधिकारियों और ग्रामीणों के साथ की बैठक, सचिव से फोन पर की वार्ता; रायवाला और प्रतीतनगर में बढ़े पेयजल शुल्क को कम करने का भी उठाया मुद्दा




ऋषिकेश,(दिलीप शर्मा): ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने क्षेत्र में पेयजल सुविधाओं को बेहतर बनाने और अधूरी पेयजल योजनाओं को गति देने के लिए अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने ऋषिकेश स्थित अपने कैंप कार्यालय में पेयजल विभाग के अधिकारियों और ग्रामीणों के साथ बैठक कर विभिन्न क्षेत्रों में पेयजल लाइन बिछाने के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान बजट के अभाव में रुके कार्यों को शीघ्र शुरू कराने के लिए उन्होंने पेयजल सचिव रणवीर चौहान से फोन पर वार्ता कर आवश्यक बजट जल्द जारी करने का आग्रह किया।

कई क्षेत्रों में बजट के अभाव में रुके हैं कार्य
बैठक के दौरान चक जोगीवाला, हरिपुर कला, भट्टोंवाला, गढ़ी मयचक, गुमानीवाला और साहब नगर सहित अन्य क्षेत्रों में पेयजल लाइन बिछाने के कार्यों की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने संबंधित कार्यों की प्रगति और उनके सामने आ रही समस्याओं की जानकारी दी।
डॉ. अग्रवाल ने बजट की कमी के कारण कार्य प्रभावित होने पर संज्ञान लेते हुए कहा कि पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा से जुड़ी योजनाओं में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने पेयजल सचिव से वार्ता कर अधूरे एवं रुके हुए कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक धनराशि शीघ्र उपलब्ध कराने का आग्रह किया, ताकि संबंधित क्षेत्रों के निवासियों को पेयजल सुविधा का लाभ मिल सके।
रायवाला और प्रतीतनगर में पेयजल शुल्क कम करने की मांग
बैठक के दौरान डॉ. अग्रवाल ने रायवाला और प्रतीतनगर क्षेत्र में बढ़े हुए पेयजल शुल्क का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों के समक्ष शुल्क कम करने के संबंध में बात रखते हुए स्थानीय निवासियों को राहत देने की आवश्यकता पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि पेयजल योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के साथ ही उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान करना भी जरूरी है। इसके लिए विभागीय अधिकारियों को जनहित को प्राथमिकता देते हुए कार्य करना चाहिए।
आपसी समन्वय से दूर करें बाधाएं
डॉ. अग्रवाल ने अधिकारियों से कहा कि पेयजल योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही बाधाओं को दूर करने के लिए आपसी समन्वय के साथ काम किया जाए। उन्होंने बजट के अभाव में लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने पर बल दिया।
उन्होंने कहा कि पेयजल आपूर्ति से संबंधित समस्याओं का समयबद्ध समाधान होने से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को राहत मिलेगी और योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंच सकेगा।
बैठक में ये रहे मौजूद
इस अवसर पर जलकल अभियंता अरुण रावत, अधिशासी अभियंता आरके राणा, ग्राम प्रधान किशोर पैन्यूली, क्षेत्र पंचायत सदस्य दीपक मेहर, गोविंद मेहर, गणेश भट्ट सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।





