
ऋषिकेश,31 अक्टूबर(दिलीप शर्मा): राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार को ऋषिकेश पुलिस की ओर से ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों, स्कूली बच्चों तथा हिमाद्री फाउंडेशन के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया।
क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली ऋषिकेश ने प्रतिभागियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दिलाई। इसके बाद घाट चौक से एकता दौड़ शुरू हुई, जो त्रिवेणी घाट पर पहुंचकर संपन्न हुई।

दौड़ के समापन के बाद त्रिवेणी घाट परिसर में सामूहिक स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत पुलिसकर्मियों, स्कूली बच्चों और हिमाद्री फाउंडेशन के सदस्यों ने घाट परिसर में बिखरे प्लास्टिक एवं अन्य कचरे को एकत्र कर साफ-सफाई की।

कार्यक्रम के माध्यम से पुलिस ने राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। साथ ही लोगों से सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता बनाए रखने में सक्रिय योगदान देने की अपील की।





