उत्तराखंडऋषिकेश

सोमेश्वर नगर के विकास कार्यों के लिए डॉ. अग्रवाल ने की 10 लाख रुपये देने की घोषणा

जनता मिलन कार्यक्रम में बोले विधायक- ऋषिकेश को आधुनिक सुविधाओं से युक्त, स्वच्छ और सुंदर शहर बनाना प्राथमिकता; क्षेत्रवासियों ने किया भव्य स्वागत

ऋषिकेश, 1 नवंबर(दिलीप शर्मा): ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के सोमेश्वर नगर स्थित कमलेश्वर महादेव मंदिर प्रांगण में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने प्रतिभाग किया। इस दौरान क्षेत्रीय नागरिकों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका भव्य स्वागत और अभिनंदन किया। कार्यक्रम में डॉ. अग्रवाल ने क्षेत्र के विकास को गति देने तथा स्थानीय जरूरतों को पूरा करने के लिए विधायक निधि से 10 लाख रुपये देने की घोषणा की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. अग्रवाल ने कहा कि ऋषिकेश के समग्र विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। नगर निगम क्षेत्र में बहुमंजिला पार्किंग का निर्माण, विद्युत लाइनों को भूमिगत करने, सीवरेज लाइन बिछाने, कुंभ निधि एवं राज्य योजना के तहत सड़कों का निर्माण, नई पेयजल लाइन बिछाने तथा मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) के माध्यम से शहर के सौंदर्यीकरण सहित अनेक महत्वपूर्ण योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि इनमें से कई विकास कार्य पूरे हो चुके हैं, जबकि कई योजनाएं प्रगति पर हैं। इसके अलावा अन्य प्रस्तावित योजनाएं स्वीकृति की प्रक्रिया में हैं, जिन्हें जल्द धरातल पर उतारा जाएगा। उनका उद्देश्य ऋषिकेश को आधुनिक सुविधाओं से युक्त, स्वच्छ, सुंदर और विकसित शहर बनाना है। क्षेत्रीय जनता की जरूरतों और अपेक्षाओं के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।

डॉ. अग्रवाल ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान और क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी क्रम में उन्होंने सोमेश्वर नगर क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों के लिए विधायक निधि से 10 लाख रुपये देने की घोषणा की।

इस अवसर पर ऋषिकेश मंडल अध्यक्ष मनोज ध्यानी ने क्षेत्र में कराए गए विभिन्न विकास कार्यों के लिए डॉ. अग्रवाल का आभार जताया। वहीं, क्षेत्रीय नागरिकों ने डॉ. अग्रवाल के मंत्री पद से इस्तीफे को क्षेत्र के लिए बड़ी क्षति बताते हुए इस पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की।

कार्यक्रम में पार्षद रेहा ध्यानी, पूर्व पालिका उपाध्यक्ष एवं कार्यक्रम संचालक प्यारेलाल जुगलान, मुरारी सिंह राणा, दिलीप सिंह बिष्ट, चैत सिंह नेगी, विजयपाल रावत, कुंवर सिंह रावत, आरएसएस के नगर कार्यवाह खुशवंत सिंह नेगी, उषा जोशी, बीना देवी, मानसिंह कलुड़ा, संजय ध्यानी, बृजमोहन मनोरी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक एवं पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button