Blogशिष्टाचार भेंट

यमुना संरक्षण और युवा पीढ़ी की भूमिका पर उपराज्यपाल व स्वामी चिदानंद के बीच चर्चा

दिल्ली के लोक निवास में हुई शिष्टाचार भेंट, यमुना को स्वच्छ बनाने और पर्यावरण संरक्षण के लिए जनभागीदारी पर दिया जोर

ऋषिकेश/नई दिल्ली(दिलीप शर्मा): परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती ने दिल्ली के उपराज्यपाल सरदार तरनजीत सिंह संधू से लोक निवास में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान यमुना नदी की स्वच्छता एवं अविरलता, पर्यावरण संरक्षण और जेन जी (युवा पीढ़ी) की सामाजिक जिम्मेदारियों सहित विभिन्न समसामयिक विषयों पर चर्चा हुई।

स्वामी चिदानंद सरस्वती ने कहा कि यमुना का संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सामूहिक राष्ट्रीय और नैतिक दायित्व है। इसके लिए सीवेज एवं औद्योगिक अपशिष्ट का उचित उपचार, प्लास्टिक कचरे पर नियंत्रण और जनभागीदारी आवश्यक है। उन्होंने सरकार, प्रशासन, सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं और आम नागरिकों से मिलकर यमुना को स्वच्छ बनाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी में तकनीक, नवाचार और सकारात्मक बदलाव की अपार क्षमता है। युवाओं को पर्यावरण संरक्षण, राष्ट्र निर्माण और सामाजिक जिम्मेदारियों से जोड़ना जरूरी है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ नदियां, निर्मल हवा और स्वस्थ पर्यावरण ही आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का आधार हैं।

Related Articles

Back to top button