Blogउत्तराखंडटिहरी गढ़वालमुनि की रेती

सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ पालिका की कार्रवाई, 29 चालान कर वसूला 3,600 रुपये जुर्माना

कैलाश गेट, जानकी सेतु और आस्था पथ समेत नदी किनारे के क्षेत्रों में चला अभियान, गंदगी फैलाने वालों पर भी की गई कार्रवाई

मुनिकीरेती/टिहरी(दिलीप शर्मा): नगर पालिका परिषद मुनि की रेती–ढालवाला की ओर से नगर को स्वच्छ एवं प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत पालिका की टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण कर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करते हुए 29 चालान किए और कुल 3,600 रुपये का अर्थदंड वसूला।

पालिका अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण एवं अधिशासी अधिकारी बद्री प्रसाद भट्ट के निर्देश पर मुख्य सफाई निरीक्षक नितिन सती और सेनेटरी इंस्पेक्टर कमल सिंह चौहान के नेतृत्व में टीम ने कैलाश गेट, जानकी सेतु, आस्था पथ और नदी किनारे के क्षेत्रों में अभियान चलाया। इस दौरान प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग करने और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

पालिका अधिकारियों ने व्यापारियों और आम नागरिकों से प्रतिबंधित पॉलिथीन का प्रयोग नहीं करने तथा सड़क और नदी किनारे कूड़ा न फेंकने की अपील की। साथ ही कचरे का उचित निस्तारण सुनिश्चित करने और निर्धारित स्थानों पर ही कूड़ा डालने की हिदायत दी।

पालिका प्रशासन ने स्पष्ट किया कि नगर की स्वच्छता बनाए रखने, पर्यावरण संरक्षण और सार्वजनिक स्थलों की सुंदरता कायम रखने के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे। अधिकारियों ने नागरिकों से मुनि की रेती–ढालवाला को स्वच्छ एवं प्लास्टिक मुक्त बनाने में सहयोग करने की अपील की।

Related Articles

Back to top button