उत्तराखंडटिहरी गढ़वालप्रशिक्षण

विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज, 1001 मतदान केंद्रों के लिए 30 जोनल और 132 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात

सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेटों को दिया गया निर्वाचन संबंधी प्रशिक्षण, मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश

टिहरी गढ़वाल, 27 नवंबर(दिलीप शर्मा): आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में शुक्रवार को विकास भवन स्थित क्रीड़ा भवन में सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेटों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें अधिकारियों को निर्वाचन प्रक्रिया, दायित्वों और जिम्मेदारियों की विस्तृत जानकारी दी गई।

जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में कुल 1001 पोलिंग बूथ हैं। इनके लिए 30 जोनल एवं 132 सेक्टर मजिस्ट्रेट नामित किए गए हैं। इनमें से अधिकांश अधिकारियों को निर्वाचन संबंधी प्रशिक्षण प्रदान किया जा चुका है।

प्रशिक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सभी सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेटों को अपने-अपने क्षेत्रों के मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों पर रैंप, पहुंच मार्ग, पेयजल, शेड, विद्युत व्यवस्था और शौचालय सहित सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि मतदान के दौरान मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। साथ ही निर्वाचन से संबंधित आवश्यक जानकारियां भी अद्यतन रखने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने अधिकारियों एवं कार्मिकों को पूरी गंभीरता और सजगता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि निर्वाचन से जुड़ी सभी तैयारियां समयबद्ध और व्यवस्थित ढंग से पूरी की जाएं, जिससे चुनाव प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर एवं जिला पंचायत राज अधिकारी एम.एम. खान तथा डायट प्राचार्य रतूड़ी ने निर्वाचन से जुड़े विभिन्न तकनीकी एवं व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी।

Related Articles

Back to top button