उत्तराखंडऋषिकेश

बापूग्राम वन भूमि प्रकरण को कैबिनेट में लाने की तैयारी, मुख्यमंत्री ने दिया सकारात्मक संकेत

विधायक डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से की पुनः वार्ता, हजारों परिवारों को राहत दिलाने का उठाया मुद्दा

ऋषिकेश, 25 नवंबर(दिलीप शर्मा): मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र आगमन पर विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने एम्स हेलीपैड पर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान डॉ. अग्रवाल ने बापूग्राम वन भूमि प्रकरण को लेकर मुख्यमंत्री से पुनः वार्ता करते हुए क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी समस्या के समाधान का आग्रह किया।

डॉ. अग्रवाल ने मुख्यमंत्री के समक्ष बापूग्राम, मीरा नगर, 20 बीघा, शिवाजी नगर, सुमन विहार, गीतानगर, मालवीय नगर और अमित ग्राम सहित आसपास के क्षेत्रों में निवासरत हजारों परिवारों की समस्या प्रमुखता से रखी। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में बड़ी संख्या में परिवार कई दशकों से रह रहे हैं। ऐसे में उनके आवासीय भविष्य और अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है।

इस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए बताया कि बापूग्राम वन भूमि प्रकरण को आगामी कैबिनेट बैठक में लाने पर विचार किया जा रहा है।

डॉ. अग्रवाल ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि प्रदेश सरकार इस गंभीर विषय के प्रति संवेदनशील है। उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में इस मामले में जल्द सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि बापूग्राम सहित आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले हजारों परिवारों को राहत दिलाना उनकी प्राथमिकता है। इस वर्षों पुरानी समस्या के स्थायी समाधान और क्षेत्रवासियों के हितों की रक्षा के लिए उनके प्रयास लगातार जारी रहेंगे।

Related Articles

Back to top button