उत्तराखंडटिहरी गढ़वालमॉक ड्रिल

सिल्क्यारा रेस्क्यू अभियान की सफलता की वर्षगांठ पर 28 नवंबर को प्रदेशभर में होगी मॉक ड्रिल

टिहरी में 10 स्थानों पर परखी जाएंगी आपदा से निपटने की तैयारियां, भूकंप, भूस्खलन, बादल फटने और टनल हादसे सहित विभिन्न आपदा परिदृश्यों का होगा अभ्यास

टिहरी गढ़वाल,(दिलीप शर्मा): सिल्क्यारा टनल रेस्क्यू अभियान की सफलता की वर्षगांठ के अवसर पर 28 नवंबर को प्रदेशभर में राज्य स्तरीय आपदा प्रबंधन मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। इसके तहत टिहरी गढ़वाल जनपद में भी 10 अलग-अलग स्थानों पर विभिन्न आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखा जाएगा।

 

मॉक ड्रिल की तैयारियों को लेकर बुधवार को कलक्ट्रेट परिसर में टेबल टॉप एक्सरसाइज आयोजित की गई। इस दौरान एसडीआरएफ, वन विभाग, अग्निशमन एवं स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न विभागों ने आपदा बचाव में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों की प्रदर्शनी लगाई। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने प्रदर्शनी का निरीक्षण कर विभागीय तैयारियों और उपलब्ध उपकरणों की जानकारी ली। अधिकारियों ने आपदा के दौरान बचाव कार्यों और त्वरित रिस्पॉन्स की प्रक्रिया से भी अवगत कराया।

कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित टेबल टॉप एक्सरसाइज में जनपद स्तरीय इंसीडेंट रिस्पांस सिस्टम (आईआरएस) के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे, जबकि शासन स्तर के अधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रतिभाग किया। इस दौरान आपदा की स्थिति में विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों, त्वरित कार्रवाई और आपसी समन्वय को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रत्येक वर्ष 28 नवंबर को आपदा प्रबंधन दिवस के रूप में मनाए जाने की घोषणा की है। इसी क्रम में सभी 13 जनपदों में तैयारियों के तहत टेबल टॉप एक्सरसाइज और 28 नवंबर को व्यापक स्तर पर मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी।

टिहरी में इन 10 स्थानों पर होगा आपदा का अभ्यास

जिला विकास अधिकारी मो. असलम ने बताया कि जनपद में मॉक ड्रिल के लिए 10 स्थान निर्धारित किए गए हैं। इनमें घनसाली मुख्य बाजार में भूकंप से भवन क्षति, जखन्याली में बादल फटने, नरेंद्रनगर तहसील के बगड़धार में भूस्खलन और नैनबाग स्वास्थ्य केंद्र में भूकंप से क्षति का परिदृश्य शामिल है।

इसके अलावा धनोल्टी तहसील के सुरकंडा देवी मंदिर रोपवे में तकनीकी खराबी, घोड़ा बाजार के समीप पाले के कारण वाहन फिसलने, टिहरी बांध से अतिरिक्त जल निकासी के चलते निचले क्षेत्रों में जलभराव, कंडीसौड़ में वनाग्नि, जाखणीधार के सरस्वती विद्या मंदिर भवन में भूकंप से क्षति तथा देवप्रयाग तहसील के बगेश्वर में रेल विकास निगम की निर्माणाधीन टनल का हिस्सा ढहने जैसी आपातकालीन परिस्थितियों का अभ्यास किया जाएगा।

मॉक ड्रिल का उद्देश्य आपदा के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों की तत्परता, संसाधनों की उपलब्धता और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को मजबूत करना है, ताकि वास्तविक आपदा की स्थिति में जनहानि एवं नुकसान को न्यूनतम किया जा सके।

इस अवसर पर उप जिलाधिकारी अजयवीर सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रकाश, जिला विकास अधिकारी मो. असलम, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी बृजेश भट्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button