नव निर्मित केंद्रीय विद्यालय का डीएम ने किया निरीक्षण
एक माह में अप्रोच रोड बनाने के निर्देश, खेल मैदान और सुरक्षा व्यवस्थाएं दुरुस्त होने के बाद चरणबद्ध तरीके से होगी शिफ्टिंग


टिहरी, 24 नवंबर(दिलीप शर्मा): जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने सोमवार को नव निर्मित केंद्रीय विद्यालय परिसर का निरीक्षण कर भवन, कक्षाओं, प्रयोगशालाओं, पेयजल, विद्युत व्यवस्था और अन्य सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि विद्यालय भवन का मुख्य निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। शेष फिनिशिंग और सुरक्षा संबंधी कार्य जल्द पूरे किए जाएं।

डीएम ने निर्माणदायी संस्था को अप्रोच रोड का निर्माण एक माह में पूरा करने तथा खेल मैदान, बास्केटबॉल और वॉलीबॉल कोर्ट का कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही विद्युत एवं अग्नि सुरक्षा, जल निकासी, सीढ़ियों और रेलिंग सहित सभी व्यवस्थाएं विद्यालय संचालन से पहले दुरुस्त करने को कहा।

उन्होंने प्रधानाचार्य मोनिका बजाज को शिफ्टिंग की तैयारियां पूरी रखने के निर्देश देते हुए पहले चरण में कक्षा 10वीं और 12वीं की कक्षाएं नए भवन में संचालित करने तथा इसके बाद अन्य कक्षाओं को क्रमवार स्थानांतरित करने का सुझाव दिया।
इसके अलावा डीएम ने विद्यालय के समीप स्थित गौशाला का निरीक्षण कर निर्माण कार्य के मलबे से क्षतिग्रस्त हुए गौशाला के रास्ते को भी शीघ्र दुरुस्त करने के निर्देश दिए।



