उत्तराखंडटिहरी गढ़वाल

टिहरी पहुंची राष्ट्रीय MTB साइकिल रेस, 75 साइकिलिस्ट दिखाएंगे दमखम

25 नवंबर को कोटी कॉलोनी से चिन्यालीसौड़ और 26 नवंबर को मसूरी पहुंचेगी रेस, साहसिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

टिहरी गढ़वाल,24 नवंबर(दिलीप शर्मा): अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालय MTB चैलेंज 2026 के तहत आयोजित राष्ट्रीय स्तरीय साइकिल रेस मंगलवार को टिहरी की कोटी कॉलोनी पहुंची। उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद और साइकिल फेडरेशन ऑफ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में भारतीय सेना के जवानों सहित विभिन्न राज्यों के 75 साइकिलिस्ट प्रतिभाग कर रहे हैं।

जिला पर्यटन विकास अधिकारी सोबत सिंह राणा ने बताया कि प्रतियोगिता के तहत 25 नवंबर को रेस कोटी कॉलोनी से चिन्यालीसौड़ के लिए रवाना होगी। इसके बाद 26 नवंबर को प्रतिभागी निर्धारित मार्ग से होते हुए मसूरी पहुंचकर अपनी यात्रा पूरी करेंगे। आयोजन में मेडिकल टीम, एसडीआरएफ, पुलिस और तकनीकी दल सहित करीब 150 लोग शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि इस तरह के राष्ट्रीय स्तर के आयोजन से टिहरी झील सहित प्रदेश के प्राकृतिक एवं पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलेगी। साथ ही साहसिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय कारोबार और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

Related Articles

Back to top button