अवैध शराब के खिलाफ ऋषिकेश पुलिस की कार्रवाई, दो युवक गिरफ्तार
अलग-अलग स्थानों से 43 पव्वे अंग्रेजी शराब और 30 टेट्रा पैक देशी शराब बरामद, आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज


ऋषिकेश(दिलीप शर्मा): जनपद को नशामुक्त बनाने और अवैध शराब की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए ऋषिकेश पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में कोतवाली पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए दो युवकों को अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 43 पव्वे अंग्रेजी शराब और 30 टेट्रा पैक देशी शराब बरामद की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 23 और 24 नवंबर की मध्यरात्रि को पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान पहली कार्रवाई श्यामपुर स्थित राणा मार्बल्स के सामने की। यहां से मुकुल देव सिंह नेगी (20 वर्ष) निवासी ग्राम बड़कोट, शेराबागवान, लंबगांव, टिहरी गढ़वाल को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से अंग्रेजी शराब इम्पीरियल ब्लू के 43 पव्वे बरामद हुए।
वहीं, दूसरी कार्रवाई भरत विहार के सामने स्थित खाली प्लॉट के पास की गई। यहां पुलिस ने क्रिश कश्यप (21 वर्ष) निवासी सर्वहारा नगर, ऋषिकेश को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से माल्टा मसालेदार देशी शराब के 30 टेट्रा पैक बरामद किए गए।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 60(1)(क) के तहत अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए हैं। मुकुल देव सिंह नेगी के खिलाफ मुकदमा संख्या 616/2026 और क्रिश कश्यप के खिलाफ मुकदमा संख्या 617/2026 पंजीकृत किया गया है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इन पुलिसकर्मियों की रही भूमिका
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में कांस्टेबल सुंदर, कमलेश कुमार, सुनील कुमार और उदयवीर सिंह शामिल रहे। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध शराब और अन्य मादक पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।



