

ऋषिकेश, 24 नवंबर(दिलीप शर्मा): संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित समरसता संकल्प यात्रा का मंगलवार को नेपाली फार्म पहुंचने पर ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने लोगों को लड्डू का प्रसाद भी वितरित किया।

पंजाब से प्रारंभ होकर पांवटा साहिब के रास्ते ऋषिकेश पहुंची यात्रा का नेतृत्व पूर्व सांसद एवं भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य कर रहे हैं।
इस अवसर पर डॉ. अग्रवाल ने कहा कि गुरु रविदास जी ने समानता, प्रेम, सद्भाव और मानवता का संदेश देकर भेदभाव मुक्त समाज की कल्पना की थी। समरसता संकल्प यात्रा उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने और सामाजिक एकता व भाईचारे को मजबूत करने का अभियान है।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश संगठन महामंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा, कैबिनेट मंत्री खजान दास, प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।



