पंवाली कांठा बनेगा टिहरी का नया पर्यटन आकर्षण, ग्रामीणों को मिलेंगे स्वरोजगार के अवसर
सीडीओ वरुणा अग्रवाल ने किया ट्रैकिंग, 10 लाख की परियोजना से पर्यटन गतिविधियों को मिलेगा बढ़ावा; मेंडू सिंदवाल गांव को पर्यटन ग्राम बनाने की तैयारी


टिहरी गढ़वाल,(दिलीप शर्मा): हिमालय की गोद में समुद्र तल से 3,368 मीटर की ऊंचाई पर स्थित पंवाली कांठा बुग्याल टिहरी गढ़वाल के प्रमुख पर्यटन स्थलों के रूप में पहचान बनाने की क्षमता रखता है। मखमली बुग्याल, बर्फ से ढकी पर्वत चोटियां, घने जंगल और प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर यह क्षेत्र ट्रैकिंग के शौकीनों और प्रकृति प्रेमियों के लिए आकर्षण का केंद्र है।

पंवाली कांठा की पर्यटन संभावनाओं को जानने के लिए मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने हाल ही में यहां ट्रैकिंग की। उनके साथ बीडीओ भिलंगना विपिन भी मौजूद रहे। घनसाली क्षेत्र से शुरू होने वाला यह ट्रैक मेंडू सिंदवाल गांव और माटिया बुग्याल जैसे प्रमुख पड़ावों से होकर गुजरता है।
सीडीओ वरुणा अग्रवाल ने बताया कि ग्रामोत्थान योजना के तहत स्थानीय घंटाकर्ण स्वयं सहायता समूह को ट्रैकिंग एवं पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए 10 लाख रुपये की परियोजना दी गई है। समूह ने ट्रैकिंग टीम गठित करने, प्रशिक्षण और आवश्यक उपकरण जुटाने की दिशा में कार्य शुरू कर दिया है।
उन्होंने बताया कि आगामी चरण में मेंडू सिंदवाल गांव को पर्यटन ग्राम के रूप में विकसित करने की योजना है। इसके लिए पर्यटकों की जरूरतों के अनुरूप मूलभूत सुविधाएं विकसित करने का प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा। पर्यटन गतिविधियों से स्थानीय युवाओं और ग्रामीणों को गाइड सेवा, होमस्टे तथा स्थानीय उत्पादों के माध्यम से स्वरोजगार के अवसर मिलेंगे।
प्रशासन का उद्देश्य पंवाली कांठा को पर्यटन के मानचित्र पर पहचान दिलाने के साथ इसकी प्राकृतिक विरासत और पारिस्थितिकी को सुरक्षित रखना है।



