जनता मिलन में 27 शिकायतें प्राप्त, डीएम ने अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश
सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों की नियमित समीक्षा और निर्वाचन तैयारियां समय से पूरी करने पर जोर


टिहरी, 23 नवंबर(दिलीप शर्मा): जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने पुनर्वास, राजस्व, पेंशन, पेयजल, विद्युत, आवास, अवैध निर्माण और आर्थिक सहायता सहित विभिन्न समस्याओं से संबंधित 27 शिकायतें एवं मांग पत्र प्रस्तुत किए। डीएम ने अधिकांश शिकायतों का मौके पर निस्तारण करते हुए शेष मामलों में संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इस दौरान जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन की विभागवार समीक्षा करते हुए 36 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों का शीघ्र निस्तारण करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों का समाधान केवल औपचारिकता न हो, बल्कि शिकायतकर्ताओं को वास्तविक राहत मिलनी चाहिए।
आगामी निर्वाचन की तैयारियों को लेकर उन्होंने सभी मतदान केंद्रों पर पेयजल, विद्युत सहित न्यूनतम सुनिश्चित सुविधाएं समय से उपलब्ध कराने तथा दिव्यांग मतदाताओं की पहचान कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनता मिलन में बौराड़ी निवासी तौफीक अहमद ने पुनर्वास, भेंतुला निवासी सूर्य प्रकाश ने पीएम विश्वकर्मा योजना के तहत राजमिस्त्री किट, नेल्डा निवासी सुरेंद्र सिंह रावत ने आवास एवं सड़क मार्ग से झाड़ियां हटाने तथा बुरंट के ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की मांग उठाई।
जिलाधिकारी ने कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। इस दौरान एडीएम शैलेन्द्र सिंह नेगी, सीएमओ डॉ. राम प्रकाश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



