

देहरादून(दिलीप शर्मा): मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्यसेवक सदन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान लोगों ने सड़क, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य, शिक्षा, भूमि विवाद, आर्थिक सहायता, पेंशन और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याएं मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं।

मुख्यमंत्री ने सभी की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसमस्याओं को संबंधित विभागों तक पहुंचाकर उनका यथाशीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। अधिकारियों को आमजन की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य करना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। इसके लिए अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सरकार की प्राथमिकता है। विशेष रूप से दूरस्थ एवं पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की समस्याओं के समाधान पर ध्यान दिया जाए। राज्य सरकार पात्र व्यक्तियों तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने और आमजन को राहत देने के लिए प्रतिबद्ध है।
‘धन्य धन्य धामी जी’ गीत एवं पोस्टर का विमोचन
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ‘धन्य धन्य धामी जी’ गीत एवं पोस्टर का भी विमोचन किया। गीत को निर्मल अनुरागी एवं अंजलि अनुरागी ने अपनी आवाज दी है, जबकि इसका संगीत निर्देशन रणजीत सिंह ने किया है।



