

ऋषिकेश (दिलीप शर्मा): ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने बुधवार को सर्वहारा नगर (काले की ढाल) स्थित प्राथमिक विद्यालय का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में अध्ययनरत करीब 70 बच्चों की शैक्षणिक परिस्थितियों और समस्याओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान डॉ. अग्रवाल ने पाया कि विद्यालय के जर्जर भवन को मार्च माह में ध्वस्त किए जाने के बावजूद नए भवन का निर्माण कार्य अब तक शुरू नहीं हो पाया है। इसके चलते बच्चों को विपरीत परिस्थितियों में पढ़ाई करनी पड़ रही है। इस पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताते हुए जिलाधिकारी आशीष चौहान और आरईएस के अधिशासी अभियंता नितिन पांडे से फोन पर वार्ता की। उन्होंने विद्यालय के नए भवन निर्माण की प्रक्रिया तत्काल शुरू करने और कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि बच्चों की शिक्षा और सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं है। प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना सरकार और संबंधित विभागों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी पढ़ाई और अन्य समस्याओं के बारे में जानकारी ली तथा उनका उत्साहवर्धन किया। साथ ही विद्यालय के प्रधानाचार्य एसपी बहुगुणा से भी व्यवस्थाओं को लेकर बातचीत की।
रंभा नदी की क्षतिग्रस्त रेलिंग तत्काल ठीक कराने के निर्देश
विद्यालय निरीक्षण के बाद डॉ. अग्रवाल ने काले की ढाल की गली नंबर 12 के सामने स्थित रंभा नदी का भी निरीक्षण किया। यहां सुरक्षा रेलिंग क्षतिग्रस्त होकर नदी में गिरी हुई मिली। इस पर उन्होंने सहायक नगर आयुक्त चंद्रकांत भट्ट को फोन कर तत्काल रेलिंग की मरम्मत कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने नदी में क्षेत्र की गंदगी और कूड़ा-कचरा जाने से रोकने के लिए भी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा। डॉ. अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बच्चों को सुरक्षित शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराने के साथ ही क्षेत्र की स्वच्छता और सुरक्षा सुनिश्चित करना संबंधित विभागों की जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता चांदनी एवं शकुंतला जोशी मौजूद रहीं।



