अटाली में 14 दिवसीय महिला कौशल विकास कार्यक्रम संपन्न
मिलेट्स उत्पादों के निर्माण और उद्यमिता का प्रशिक्षण लेने वाली महिलाओं को वितरित किए प्रमाण पत्र


नरेंद्र नगर/टिहरी(दिलीप शर्मा): भारतीय उद्यमिता विकास संस्थान (EDII), अहमदाबाद की ओर से रेल विकास निगम लिमिटेड (RVNL) के सहयोग से ग्राम अटाली, ब्यासी में आयोजित 14 दिवसीय सूक्ष्म कौशल उद्यमिता विकास कार्यक्रम (MSDP) का बुधवार को समापन हुआ। इस अवसर पर प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली महिलाओं को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
प्रोजेक्ट प्रगति के तहत आयोजित प्रशिक्षण में महिलाओं को छह दिवसीय उद्यमिता विकास और आठ दिवसीय तकनीकी प्रशिक्षण दिया गया। इसमें मंडुवा सहित स्थानीय मिलेट्स से कुकीज, नमकीन, केक और लड्डू जैसे उत्पाद बनाने के साथ लागत निर्धारण, पैकेजिंग, मार्केटिंग एवं बिक्री के गुर सिखाए गए।
समापन समारोह में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि राकेश सिंह और RVNL के अधिकारी पुलकित अग्रवाल ने महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों की सराहना करते हुए उन्हें समूह आधारित उद्यम स्थापित करने के लिए प्रेरित किया।
EDII के परियोजना अधिकारी दिलीप सिंह कुशवाह ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को कौशल एवं बाजार से जोड़कर स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। प्रशिक्षणार्थियों ने भी मिलेट्स आधारित उत्पादों का निर्माण एवं विपणन शुरू करने की इच्छा जताई।



