उत्तराखंडऋषिकेश

भ्रष्टाचार के खिलाफ कांग्रेस का कल राजभवन कूच

देहरादून में राज्यपाल का घेराव, ऋषिकेश से 300 कार्यकर्ता होंगे शामिल

ऋषिकेश, 25 नवंबर(दिलीप शर्मा): प्रदेश में भ्रष्टाचार, महंगाई, सरकारी जमीनों में कथित घोटालों और अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर कांग्रेस ने प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इन मुद्दों को लेकर कांग्रेस 26 नवंबर को देहरादून में विशाल रैली निकालेगी और राज्यपाल का घेराव कर ज्ञापन सौंपेगी। रैली में ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र से करीब 300 कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल होंगे।

बुधवार को देहरादून रोड़ ऋषिकेश के एक होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता में पूर्व कैबिनेट मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण ने रैली की जानकारी देते हुए प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड, सरकारी जमीनों के कथित घोटाले, महंगाई, भ्रष्टाचार और कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, रेखा आर्य सहित अन्य नेताओं पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर कांग्रेस जनता की आवाज बुलंद करेगी।

सजवाण ने कहा कि प्रदेशभर से कांग्रेस कार्यकर्ता और आमजन देहरादून पहुंचकर राज्यपाल को ज्ञापन सौंपेंगे। उन्होंने कहा कि राज्यपाल प्रदेश के संवैधानिक संरक्षक हैं और उन्हें निष्पक्षता के साथ विपक्ष की बात सुननी चाहिए। आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री केवल भाजपा के हितों तक सीमित रह गए हैं। राज्यपाल की निष्पक्ष भूमिका से ही प्रदेश की जनता को न्याय मिल सकता है और भ्रष्टाचार पर अंकुश लग सकता है।

उन्होंने बताया कि रैली में देहरादून में करीब 10 हजार लोगों के जुटने की संभावना है। ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र से 300 कार्यकर्ता इसमें प्रतिभाग करेंगे।

आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर सजवाण ने कहा कि जनता चुनाव की घोषणा का इंतजार कर रही है और कांग्रेस से उम्मीद लगाए बैठी है। उन्होंने कहा कि आगामी राजनीतिक संघर्ष में एकता ही कांग्रेस का मूल मंत्र होगा।

पत्रकार वार्ता में मनोज गुसाईं, राजपाल खरोला, भगवती प्रसाद सेमवाल, ललित मोहन मिश्रा, विनय सारस्वत, दीप शर्मा, विजय सारस्वत, राकेश मिया और अंशुल त्यागी सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button