टिहरी से चिन्यालीसौड़ के लिए रवाना हुई राष्ट्रीय MTB साइकिल रेस
कोटी कॉलोनी से भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत ने दिखाई हरी झंडी, एडवेंचर टूरिज्म को मिलेगा बढ़ावा


टिहरी गढ़वाल, 25 नवंबर(दिलीप शर्मा): उत्तराखंड हिमालयन अल्टीमेट चैलेंज-2026 के तहत उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद एवं साइकिल फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से आयोजित राष्ट्रीय स्तरीय MTB साइकिल रेस बुधवार सुबह कोटी कॉलोनी से उत्तरकाशी के चिन्यालीसौड़ के लिए रवाना हुई। भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत ने हरी झंडी दिखाकर प्रतिभागियों को रवाना किया।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल और एसडीएम अजयवीर सिंह भी मौजूद रहे। उदय रावत ने कहा कि इस तरह के राष्ट्रीय स्तर के आयोजन टिहरी को एडवेंचर टूरिज्म के प्रमुख केंद्र के रूप में पहचान दिलाने के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ाएंगे।
जिला पर्यटन विकास अधिकारी सोबत सिंह राणा ने बताया कि प्रतिभागियों की सुविधा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए मार्ग पर हाइड्रेशन पॉइंट बनाए गए हैं, जहां पेयजल और जलपान की व्यवस्था की गई है। आयोजन के सफल संचालन में स्वास्थ्य एवं पुलिस विभाग सहित विभिन्न विभाग सहयोग कर रहे हैं।


