कोषागार में अव्यवस्थाओं पर डीएम सख्त, लेखाकार के वेतन पर रोक के निर्देश
पेंशन अभिलेखों के रख-रखाव में लापरवाही पर जताई नाराजगी, लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश


टिहरी गढ़वाल,(दिलीप शर्मा): जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने बुधवार को जिला कोषागार का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान पेंशन संबंधी अभिलेखों के रख-रखाव, फाइलों की सूचीकरण एवं लेबलिंग में लापरवाही पाए जाने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई और संबंधित लेखाकार के वेतन आहरण पर रोक लगाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों के लंबित पेंशन प्रकरणों की समीक्षा करते हुए उनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पेंशन भुगतान में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने पेंशन प्रकरणों की माहवार प्रगति रिपोर्ट तैयार करने, अभिलेखों को व्यवस्थित रखने तथा अनुपयोगी सामान की नियमानुसार नीलामी करने के निर्देश भी दिए। साथ ही कहा कि पेंशनरों को अपने कार्यों के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, यह सुनिश्चित किया जाए।



