हावड़ा में श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाई गई देव दीपावली
स्वामी चिदानन्द सरस्वती के सान्निध्य में हुआ भव्य आयोजन, ऋषिकुमारों के वैदिक मंत्रोच्चार और आरती से भक्तिमय हुआ वातावरण


सेठ बंसीधर जालान स्मृति मंदिर में विश्व शांति के लिए पूजा-अर्चना, युवाओं से संस्कृति और संस्कारों से जुड़े रहने का आह्वान
हावड़ा(पश्चिम बंगाल),25 नवंबर पश्चिम बंगाल के हावड़ा में देव दीपावली का पर्व श्रद्धा और आध्यात्मिक उल्लास के साथ मनाया गया। परमार्थ पीठाधीश्वर स्वामी चिदानन्द सरस्वती के पावन सान्निध्य में आयोजित समारोह में पश्चिम बंगाल के वित्त मंत्री स्वपन दासगुप्ता सहित अनेक विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।

हावड़ा स्थित सेठ बंसीधर जालान स्मृति मंदिर में स्वामी चिदानन्द सरस्वती ने विधिवत पूजा-अर्चना और आरती कर विश्व शांति, मानव कल्याण एवं समृद्धि की कामना की। इस दौरान परमार्थ गुरुकुल के ऋषिकुमारों ने वैदिक मंत्रोच्चार और आरती प्रस्तुत की, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

स्वामी चिदानन्द सरस्वती ने कहा कि देव दीपावली अंतर्मन की चेतना, करुणा और मानवता को जागृत करने का पर्व है। दीपक स्वयं जलकर दूसरों के जीवन को रोशन करता है। यही भारतीय संस्कृति का मूल दर्शन है। उन्होंने कहा कि काशी से लेकर मां गंगा के पावन तटों तक मनाई जाने वाली देव दीपावली सनातन परंपरा की समृद्ध आध्यात्मिक विरासत का प्रतीक है। जीवन की वास्तविक सुंदरता बाहरी प्रकाश में नहीं, बल्कि विचारों की पवित्रता, व्यवहार की विनम्रता और कर्मों में सेवा भाव से प्रकट होती है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में विश्व को प्रेम, विश्वास, संवेदना और सामाजिक सद्भाव की आवश्यकता है। समाज में बढ़ती दूरियों और तनाव के बीच देव दीपावली का संदेश लोगों को जोड़ने और मिलकर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। एक दीप से हजारों दीप प्रज्वलित होने की तरह एक व्यक्ति का सकारात्मक विचार भी समाज में व्यापक परिवर्तन ला सकता है।
युवाओं का आह्वान करते हुए स्वामी जी ने कहा कि उन्हें आधुनिक ज्ञान और वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने के साथ अपनी संस्कृति, परंपराओं और संस्कारों से भी जुड़े रहना चाहिए। आधुनिकता और आध्यात्मिकता का समन्वय ही समर्थ, संवेदनशील और संस्कारवान भारत के निर्माण का मार्ग प्रशस्त करेगा।
समारोह में पश्चिम बंगाल के वित्त मंत्री स्वपन दासगुप्ता ने भारतीय आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को राष्ट्रीय एकता और सामाजिक समरसता का आधार बताया।
दीपों की जगमगाहट और वैदिक मंत्रों की गूंज के बीच संपन्न इस आयोजन ने सनातन संस्कृति, आध्यात्मिक एकता और विश्व कल्याण का संदेश दिया। समारोह का मूल भाव यही रहा कि प्रत्येक व्यक्ति स्वयं प्रकाशमान बने और अपने कर्मों से समाज एवं संपूर्ण मानवता के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाए।



