उत्तराखंडऋषिकेशसंविधान दिवस

संविधान अधिकारों के साथ कर्तव्यों का भी कराता है बोध : डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल

संविधान दिवस पर बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर को पुष्पांजलि अर्पित कर किया नमन, 26/11 मुंबई आतंकी हमले के शहीदों को भी दी श्रद्धांजलि

ऋषिकेश, 26 नवंबर(दिलीप शर्मा): संविधान दिवस के अवसर पर ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने अपने कैंप कार्यालय में संविधान निर्माता भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।

इस अवसर पर डॉ. अग्रवाल ने कहा कि भारतीय संविधान नागरिकों को मौलिक अधिकार प्रदान करने के साथ ही राष्ट्र के प्रति उनके कर्तव्यों का भी बोध कराता है। प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी पूरी निष्ठा से निर्वहन करे और देश की उन्नति एवं विकास में सक्रिय योगदान दे।

उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान विश्व के सशक्त लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रतीक है। भारतीय लोकतंत्र की विशेषता है कि सामान्य परिवार से आने वाला व्यक्ति भी अपनी मेहनत, प्रतिभा और जनसेवा के बल पर देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद तक पहुंच सकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसका उदाहरण हैं, जो अपने नेतृत्व में देश को विकास और प्रगति की नई ऊंचाइयों की ओर ले जा रहे हैं।

26/11 के शहीदों को दी श्रद्धांजलि

कार्यक्रम के समापन पर डॉ. अग्रवाल ने 26 नवंबर 2008 को मुंबई में हुए आतंकी हमले की बरसी पर वीर जवानों, सुरक्षाकर्मियों और हमले में जान गंवाने वाले निर्दोष नागरिकों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर शहीदों एवं दिवंगत नागरिकों को नमन किया।

इस अवसर पर श्यामपुर मंडल अध्यक्ष चंद्रमोहन पोखरियाल, वीरभद्र मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष पिंकी धस्माना, युवा मोर्चा जिला महामंत्री कौशल बिजलवान, पंडित रवि शास्त्री, जिला उपाध्यक्ष गणेश रावत, पूर्व प्रधान दीपा राणा, पूजा गौड़, पूनम व्यास, बांकेलाल पांडे, अशोक पासवान, शुभम अरोड़ा और प्रवीण जुयाल सहित अनेक कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button