टिहरी बांध से 1000 क्यूसेक पानी छोड़े जाने पर अलर्ट, नदी में फंसे पांच लोगों का रेस्क्यू
SDRF और संबंधित विभागों ने संभाला मोर्चा, तीन घायलों को अस्पताल भेजा, दो को मौके पर दिया प्राथमिक उपचार


ऋषिकेश/मुनिकीरेती(दिलीप शर्मा): टिहरी बांध से 1000 क्यूसेक पानी छोड़े जाने की सूचना मिलते ही SDRF और संबंधित विभागों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नदी किनारे सुरक्षा अभियान चलाया। इस दौरान नदी के तेज बहाव में फंसे पांच व्यक्तियों को मोटर बोट और मैनुअल तरीके से सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। घटना में तीन लोग घायल हुए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जबकि दो घायलों को मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया।

जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह 10:45 बजे आपदा नियंत्रण कक्ष टिहरी से बांध से निर्धारित समय पर पानी छोड़े जाने की सूचना प्राप्त हुई। इसके बाद SDRF की टीमें तत्काल सक्रिय हो गईं और विभिन्न घाटों पर पहुंचकर लाउडस्पीकर के माध्यम से अनाउंसमेंट कर लोगों को घाटों से हटाया गया।
इसके साथ ही नदी किनारे रहने वाले लोगों को बढ़ते जलस्तर के प्रति सतर्क करते हुए घर खाली कर सुरक्षित स्थानों पर जाने और जरूरी सामान साथ ले जाने की अपील की गई।
इसी दौरान नदी में पानी का बहाव तेज होने से पांच व्यक्ति फंस गए, जिन्हें बचाव दल ने तत्परता दिखाते हुए सुरक्षित बाहर निकाला। राहत एवं बचाव अभियान में मुनिकीरेती पुलिस, SDRF, आपदा राहत दल, जल पुलिस, नगर पालिका और मेडिकल टीम के जवान एवं कर्मचारी जुटे रहे।
सभी विभागों के आपसी समन्वय और त्वरित कार्रवाई से राहत एवं बचाव अभियान प्रभावी ढंग से संचालित किया गया।



