

ऋषिकेश, 27 नवंबर(दिलीप शर्मा): 2018 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारी अजय गणपति ने शुक्रवार को SDRF उत्तराखंड वाहिनी के 11वें सेनानायक के रूप में विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। इससे पूर्व वह जनपद ऊधमसिंहनगर में तैनात थे।

कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने वाहिनी मुख्यालय में विभिन्न शाखाओं के प्रभारियों एवं अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रशासनिक व्यवस्थाओं, प्रशिक्षण गतिविधियों, उपलब्ध संसाधनों और कार्यप्रणाली की जानकारी ली। उन्होंने बल में अनुशासन बनाए रखने, कर्तव्यनिष्ठा के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने तथा सभी पोस्टों पर पर्याप्त जनशक्ति और रेस्क्यू उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सेनानायक ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से वाहिनी की सभी पोस्टों पर तैनात अधिकारियों एवं कार्मिकों से भी संवाद किया। उन्होंने आपदा एवं रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान स्वयं और टीम की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने पर जोर दिया। साथ ही नियमित शारीरिक अभ्यास, फिटनेस बनाए रखने, नशे से दूर रहने और वाहनों एवं उपकरणों को हमेशा परिचालन योग्य स्थिति में रखने के निर्देश दिए।
इस दौरान उन्होंने विभिन्न पोस्टों पर तैनात कार्मिकों की समस्याएं भी सुनीं और उनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
अजय गणपति ने SDRF उत्तराखंड की कार्यक्षमता और उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि यह देश की सर्वश्रेष्ठ SDRF इकाइयों में से एक है। इस प्रतिष्ठित बल का नेतृत्व करना उनके लिए गर्व और उत्साह का विषय है। उन्होंने कहा कि वाहिनी की गौरवशाली पहचान बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। बल की कार्यक्षमता, दक्षता और व्यावसायिक उत्कृष्टता को और मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व IPS अधिकारी अर्पण यदुवंशी ने दो वर्ष से अधिक समय तक SDRF उत्तराखंड का नेतृत्व किया। उनके कार्यकाल में वाहिनी ने विभिन्न आपदाओं एवं चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में साहस, समर्पण और दक्षता का परिचय देते हुए कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल कीं।



