बाल विवाह के खिलाफ नई टिहरी में निकली जागरूकता रैली, छात्र-छात्राओं ने ली रोकथाम की शपथ
बाल विवाह मुक्त भारत अभियान की दूसरी वर्षगांठ पर हुआ आयोजन, सेमिनार में कानूनों और सरकारी योजनाओं की दी गई जानकारी


नई टिहरी, 27 नवंबर(दिलीप शर्मा): बाल विवाह जैसी सामाजिक कुप्रथा के उन्मूलन और समाज में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शुक्रवार को नई टिहरी में जागरूकता रैली और सेमिनार का आयोजन किया गया। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम बाल विवाह मुक्त भारत अभियान की दूसरी वर्षगांठ तथा बाल विवाह, कम उम्र और जबरन विवाह के उन्मूलन के अंतर्राष्ट्रीय दिवस के अवसर पर आयोजित किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ विकास भवन से मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर किया। रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। इसमें महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) नई टिहरी के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। इस दौरान नारों के माध्यम से लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया। सीडीओ ने अधिकारियों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं को बाल विवाह की रोकथाम एवं उन्मूलन की शपथ भी दिलाई।
इसके बाद राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नई टिहरी में बाल विवाह उन्मूलन विषय पर सेमिनार आयोजित किया गया। इसमें जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव दयाराम ने बाल विवाह निषेध अधिनियम के कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। अधिवक्ता राजपाल मियां ने पॉक्सो एक्ट और बाल संरक्षण से जुड़े कानूनों के बारे में बताया।
जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय गौरव और महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. प्रीती ने कहा कि बाल विवाह के दुष्परिणामों को देखते हुए इसके उन्मूलन के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को सामूहिक जिम्मेदारी निभानी होगी। जिला प्रोबेशन विभाग की विनीता ने सरकारी कल्याणकारी योजनाओं, जबकि वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक रश्मि बिष्ट ने महिलाओं एवं बालिकाओं को उपलब्ध कराई जाने वाली सहायता और सुविधाओं की जानकारी दी। मिशन शक्ति कोऑर्डिनेटर रमेश डंगवाल ने विभागीय योजनाओं पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में रजनी लखेड़ा, पूनम नकोटी, सौरभ रावत, नवीन पंवार, विकास शाह, सचिन गैरोला, अखिल नकोटी और हिमांशु सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, महाविद्यालय एवं आईटीआई के प्राध्यापक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।



