

ऋषिकेश(दिलीप शर्मा): मुंबई के होटल फेयरमॉन्ट में आयोजित दो दिवसीय तीसरी वर्ल्ड मेयर मीटिंग में ऋषिकेश के महापौर शम्भू पासवान ने शहर की प्राकृतिक धरोहर रंभा नदी के संरक्षण और पुनर्जीवन का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। देश-विदेश से पहुंचे महापौरों, जनप्रतिनिधियों और पर्यावरण विशेषज्ञों की मौजूदगी में उन्होंने शहरी विकास के साथ नदियों के संरक्षण तथा पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया।

बैठक के ‘सिटी पर्सपेक्टिव-1’ सत्र में वक्ता के रूप में विचार रखते हुए महापौर ने कहा कि शहरी विकास की योजनाओं में प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण प्राथमिकता होनी चाहिए। नदियों को स्वच्छ, सुरक्षित और अविरल बनाए रखने के लिए प्रभावी प्रयासों के साथ प्रकृति आधारित समाधानों को शहरी नियोजन का हिस्सा बनाना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि रंभा नदी जैसी स्थानीय जलधाराओं का संरक्षण केवल पर्यावरण से जुड़ा विषय नहीं है, बल्कि यह शहर के सतत विकास और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से भी जुड़ा है। ऋषिकेश की प्राकृतिक धरोहरों को संरक्षित करना सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए स्थानीय स्तर के प्रयासों के साथ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी प्रभावी पहल की आवश्यकता है।
सत्र का संचालन राष्ट्रीय नगर कार्य संस्थान (NIUA) के राहुल सचदेवा ने किया। इसमें राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन (NMCG) के उप महानिदेशक नलिन श्रीवास्तव, अंतरराष्ट्रीय प्रकृति संरक्षण संघ (IUCN) के यशवीर भटनागर तथा NIUA के शैलो एक्विफर मैनेजमेंट (SAM) कार्यक्रम के प्रमुख उदय भोंडे सहित विभिन्न विशेषज्ञों ने शहरी नदी प्रबंधन, नदी पुनर्जीवन और प्रकृति आधारित समाधानों पर विचार साझा किए।
वैश्विक बैठक में रंभा नदी के संरक्षण का मुद्दा उठाकर महापौर ने ऋषिकेश की पर्यावरणीय चुनौतियों और स्थानीय प्राकृतिक धरोहरों के संरक्षण की आवश्यकता को अंतरराष्ट्रीय मंच पर रखा। इसे शहर में सतत विकास और नदी पुनर्जीवन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।



