उत्तराखंडऋषिकेश

बापूग्राम के हजारों परिवारों को राहत की उम्मीद, डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल का जोरदार स्वागत

वन भूमि को डीरिजर्व करने का प्रस्ताव केंद्र को भेजने और भूमि नियमितीकरण के लिए समिति गठन को कैबिनेट की मंजूरी मिलने पर क्षेत्रवासियों ने जताया आभार

ऋषिकेश, 27 नवंबर(दिलीप शर्मा): उत्तराखंड सरकार की ओर से बापूग्राम सहित अन्य क्षेत्रों को वन भूमि से डीरिजर्व करने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजने की मंजूरी दिए जाने पर स्थानीय लोगों में खुशी की लहर है। इसके साथ ही इन क्षेत्रों में वर्षों से बसे परिवारों की भूमि नियमित करने के लिए नीति तैयार करने हेतु उप मंत्रिमंडलीय समिति के गठन को भी कैबिनेट की मंजूरी मिल गई है।

सरकार के इस फैसले से उत्साहित बापूग्राम के क्षेत्रवासियों ने ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल का फूल-मालाओं और आतिशबाजी के साथ जोरदार स्वागत किया। इस दौरान लोगों ने निर्णय के लिए सरकार का आभार जताते हुए डॉ. अग्रवाल के प्रयासों की सराहना की।

इस अवसर पर डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि बापूग्राम सहित आसपास के क्षेत्रों में वर्षों से निवास कर रहे हजारों परिवारों की समस्या के स्थायी समाधान के लिए वह लगातार प्रयासरत रहे हैं। इस संबंध में उन्होंने कई बार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर प्रभावित परिवारों को राहत देने का आग्रह किया। साथ ही मुख्य सचिव और शासन के उच्च अधिकारियों के समक्ष भी इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का यह निर्णय हजारों परिवारों के लिए उम्मीद की नई किरण है। वर्षों से अपने घरों में रह रहे लोगों को राहत दिलाने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रभावित परिवारों को स्थायी समाधान मिलने तक उनका प्रयास जारी रहेगा।

डॉ. अग्रवाल ने इस निर्णय के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने क्षेत्रवासियों की भावनाओं और समस्याओं को समझते हुए संवेदनशीलता के साथ सकारात्मक पहल की है।

इस मौके पर पूर्व जिलाध्यक्ष रविंद्र राणा, वीरभद्र मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह, पार्षद हर्षवर्धन रावत, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य गोविंद सिंह रावत, राहुल कश्यप, पूर्व पार्षद अनीता प्रधान, पार्षद पूनम डोभाल, पिंकी धस्माना, निर्मला उनियाल सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button