उत्तराखंडखेलटिहरी गढ़वालनरेंद्र नगर

कुंजापुरी मेले में महिला वॉलीबॉल के फाइनल में पहुंचीं राजस्थान पुलिस और मनी क्लब करनाल

सेमीफाइनल में देहरादून और दिल्ली क्लब को दी शिकस्त, विजेता टीम को मिलेंगे 1.01 लाख रुपये; पुरुष वर्ग में 22 टीमें लेंगी हिस्सा

नरेंद्रनगर/टिहरी(दिलीप शर्मा): ऐतिहासिक 50वें मां श्री कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले के तहत आयोजित महिला वॉलीबॉल प्रतियोगिता में राजस्थान पुलिस और मनी क्लब करनाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बना ली है। मुख्य बाजार स्थित खेल मैदान में देशभर की 11 टीमों के बीच हुए रोमांचक मुकाबलों के बाद अब बुधवार को दोनों टीमों के बीच खिताबी मुकाबला खेला जाएगा। महिला वर्ग की विजेता टीम को 1.01 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।

प्रतियोगिता के पहले सेमीफाइनल में राजस्थान पुलिस ने देहरादून क्लब को सीधे सेटों में 2-0 से हराकर फाइनल का टिकट कटाया। वहीं, दूसरे सेमीफाइनल में मनी क्लब करनाल ने दिल्ली क्लब को 2-0 से पराजित कर खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया।

पुरुष वॉलीबॉल में 22 टीमें दिखाएंगी दम

महिला वॉलीबॉल प्रतियोगिता के साथ ही पुरुष वर्ग के मुकाबलों की तैयारियां भी पूरी कर ली गई हैं। इस बार पुरुष वॉलीबॉल प्रतियोगिता में 22 टीमों ने प्रतिभाग के लिए पंजीकरण कराया है। महिला वॉलीबॉल फाइनल के बाद पुरुष वॉलीबॉल, ओपन कबड्डी, फुटबॉल और बैडमिंटन सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में उत्साह

मेले के तहत आयोजित खेल प्रतियोगिताओं को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह बना हुआ है। प्रतियोगिताओं के सफल संचालन में मुख्य आयोजक दिनेश उनियाल, यशपाल राणा, राजपाल पुंडीर, धूम सिंह नेगी, नरपाल भंडारी, सूर्य प्रकाश जोशी, महेश गोसाईं, महेश पालीवाल और रमेश असवाल महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

Related Articles

Back to top button