
ऋषिकेश, 27 फरवरी (दिलीप शर्मा): सर्वहारा नगर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित विराट हिंदू सम्मेलन में क्षेत्रीय विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों एवं संघ कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।

राष्ट्र निर्माण में संघ की भूमिका की सराहना
मुख्य अतिथि डॉ. अग्रवाल ने अपने संबोधन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के राष्ट्र निर्माण, सामाजिक समरसता एवं सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण में योगदान को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि संघ स्थापना काल से ही राष्ट्र सेवा के उद्देश्य से कार्य कर रहा है और शताब्दी वर्ष के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम समाज में एकता, जागरूकता एवं राष्ट्रभक्ति की भावना को सुदृढ़ करने का कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने आयोजन से जुड़े सभी कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए भव्य आयोजन के लिए बधाई दी।

मुख्य वक्ताओं ने रखे विचार
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में जिला शारीरिक प्रमुख लक्सर राजकुमार ने अपने विचार व्यक्त किए। वहीं महिला वक्ता के रूप में शिशु मंदिर आवास विकास की प्रधानाचार्य पूनम ने समाज में संस्कार एवं राष्ट्रभावना के महत्व पर प्रकाश डाला।
बड़ी संख्या में गणमान्य लोग रहे उपस्थित
सम्मेलन में आयोजक आशुतोष, प्रशांत, राजकुमार कश्यप, विकास तेवतिया, सह जिला कारवाह राकेश शर्मा, विभाग संघचालक अनिल मित्तल, नगर कारवाह श्याम बिहारी सहित समस्त कार्यकारिणी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर डॉ. अग्रवाल ने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।









