कोतवाली ऋषिकेश की बड़ी कार्यवाही
351 ग्राम अवैध चरस के साथ महिला तस्कर गिरफ्तार, NDPS एक्ट में मुकदमा दर्ज

ऋषिकेश, 27 फरवरी (दिलीप शर्मा): जनपद को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 351 ग्राम अवैध चरस के साथ एक महिला अभियुक्ता को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्ता के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया है।
चेकिंग के दौरान मां नन्दा ट्रेडर्स के पास से गिरफ्तारी
पुलिस द्वारा क्षेत्र में गठित टीमों के माध्यम से लगातार गश्त और सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 27 फरवरी को पुलिस टीम ने मां नन्दा ट्रेडर्स फैब्रिकेटर, ऋषिकेश के पास संदिग्ध अवस्था में खड़ी एक महिला को रोका। पूछताछ और तलाशी के दौरान उसके कंधे पर टंगे काले बैग से 351 ग्राम अवैध चरस बरामद की गई।
मौके पर क्राइम डिटेक्शन किट से परीक्षण करने पर बरामद पदार्थ के चरस होने की पुष्टि हुई। तौल करने पर कुल वजन 351 ग्राम पाया गया।
40 हजार रुपये में खरीदी थी चरस
गिरफ्तार महिला की पहचान कृष्णा नेवपाने (उम्र 52 वर्ष) निवासी ग्राम कौलपुर, थाना कौलपुर बांके, जिला नेपालगंज भैरी आंचल (नेपाल), हाल पता हरिपुर कलां, थाना रायवाला, जनपद देहरादून के रूप में हुई है।
पूछताछ में अभियुक्ता ने बताया कि वह सब्जी की दुकान चलाती है। उसकी शादी नहीं हुई है। उसने स्वीकार किया कि एक नेपाली व्यक्ति से 40 हजार रुपये में चरस खरीदी थी और उसे बेचने के उद्देश्य से लाई थी। महिला ने पहली बार लालच में यह काम करने की बात स्वीकार करते हुए भविष्य में ऐसा न करने की बात कही।
एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज
पुलिस ने अभियुक्ता के विरुद्ध थाना ऋषिकेश में मु0अ0सं0 80/2026 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया है। 27 फरवरी को उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
अभियुक्ता के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम
- म0उ0नि0 वरसा रमोला
- उ0नि0 सुमित चौधरी
- का0 388 कमलेश कुमार
- का0 3 बिजेन्द्र पुंडीर
पुलिस का कहना है कि जनपद में नशे के विरुद्ध अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।









