
ऋषिकेश, 27 फरवरी (दिलीप शर्मा): ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने गुरुवार को ऋषिकेश स्थित चार धाम यात्रा रजिस्ट्रेशन एवं ट्रांजिट कैंप परिसर में लगभग 284.12 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाले नलकूप का विधिवत वैदिक मंत्रोच्चार एवं पूजा-अर्चना के साथ भूमि पूजन किया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि चार धाम यात्रा उत्तराखंड की आस्था, संस्कृति और अर्थव्यवस्था की जीवनरेखा है। प्रतिवर्ष लाखों श्रद्धालु ऋषिकेश होकर चार धाम की यात्रा पर जाते हैं। ऐसे में यात्रियों और स्थानीय नागरिकों के लिए स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने बताया कि नलकूप निर्माण के बाद चार धाम यात्रा रजिस्ट्रेशन एवं ट्रांजिट कैंप में ठहरने वाले श्रद्धालुओं को शुद्ध पेयजल उपलब्ध होगा, जिससे यात्रा व्यवस्थाएं और अधिक सुचारू एवं सुविधाजनक बनेंगी।

आसपास के क्षेत्रों में भी सुदृढ़ होगी पेयजल आपूर्ति
डॉ. अग्रवाल ने जानकारी दी कि इस योजना के अंतर्गत आदर्श नगर, कुमार वाडा, त्रिवेणी कॉलोनी, चंद्रेश्वर नगर, दुर्गा मंदिर क्षेत्र, भारत मंदिर क्षेत्र और माया कुंड सहित आसपास के इलाकों में पेयजल आपूर्ति को मजबूत किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि बढ़ती आबादी और यात्रियों की संख्या के कारण पेयजल की मांग में निरंतर वृद्धि हो रही है। यह नलकूप योजना स्थानीय नागरिकों के लिए दीर्घकालिक समाधान सिद्ध होगी।
गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष जोर
विधायक ने कहा कि राज्य सरकार मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। पेयजल, सड़क, विद्युत और स्वास्थ्य जैसी जनहित योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर लागू किया जा रहा है।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए और निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण कर आमजन को शीघ्र लाभान्वित किया जाए।
ऋषिकेश की पहचान को और मजबूती देने की दिशा में कदम
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि चार धाम यात्रा से जुड़ी व्यवस्थाओं को आधुनिक और सुदृढ़ बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और ऋषिकेश की पहचान एक सुव्यवस्थित एवं सुविधायुक्त तीर्थनगरी के रूप में और सशक्त हो।
भूमि पूजन कार्यक्रम में मेयर शम्भू पासवान सहित जलकल विभाग के अधिकारी, चार धाम यात्रा से जुड़े पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने इस योजना को क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए विधायक का आभार व्यक्त किया।









