उत्तराखंडऋषिकेशसमीक्षा बैठक

राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम के तहत 28 फरवरी को समीक्षा बैठक, वायु प्रदूषण रोकथाम पर मंथन

महापौर कार्यालय में दोपहर 12 बजे होगी बैठक, विभिन्न विभाग देंगे प्रगति रिपोर्ट; स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 की रणनीति पर भी चर्चा

ऋषिकेश, 27 फरवरी(दिलीप शर्मा): नगर क्षेत्र में बढ़ते वायु प्रदूषण की रोकथाम और पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को गति देने के उद्देश्य से 28 फरवरी 2026 को दोपहर 12:00 बजे महापौर, नगर निगम ऋषिकेश कार्यालय में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आहूत की गई है। यह बैठक राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (NCAP) के अंतर्गत आयोजित की जा रही है।

बैठक में शहर में वायु प्रदूषण के प्रमुख कारणों, उनकी रोकथाम के उपायों तथा एनसीएपी के तहत संचालित विभिन्न कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की जाएगी। साथ ही आगामी कार्ययोजना पर भी मंथन होगा, ताकि शहर में वायु गुणवत्ता में प्रभावी सुधार सुनिश्चित किया जा सके।

इस दौरान परिवहन विभाग, वन विभाग, सिंचाई विभाग, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड एवं नगर निगम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी प्रतिभाग करेंगे और पर्यावरण संरक्षण के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की अद्यतन स्थिति से अवगत कराएंगे।

बैठक में स्वच्छ वायु सर्वेक्षण तथा स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत आयोजित होने वाले स्वच्छ सर्वेक्षण की टूलकिट के संबंध में भी सभी विभागों को जानकारी दी जाएगी। इसका उद्देश्य आगामी स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में नगर निगम ऋषिकेश को उत्कृष्ट रैंक दिलाने की दिशा में समन्वित प्रयास सुनिश्चित करना है।

प्रशासन की ओर से उम्मीद जताई गई है कि विभागीय समन्वय और ठोस कार्ययोजना के माध्यम से शहर में वायु प्रदूषण नियंत्रण और स्वच्छता के मानकों में उल्लेखनीय सुधार लाया जा सके।

Related Articles

Back to top button