उत्तराखंडटिहरी गढ़वाल

गंगा संरक्षण को लेकर जिला प्रशासन सख्त

डीएम नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में जिला गंगा समिति की बैठक सम्पन्न

टिहरी गढ़वाल, 27 फरवरी(दिलीप शर्मा): टिहरी गढ़वाल के कलेक्ट्रेट कार्यालय स्थित वीसी कक्ष में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में जिला गंगा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में गंगा संरक्षण से जुड़े विभिन्न कार्यों एवं योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

सभी 9 सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट मानकों के अनुरूप संचालित

बैठक में जानकारी दी गई कि उत्तराखण्ड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की जनवरी माह की रिपोर्ट के अनुसार जनपद में अधिष्ठापित एवं संचालित सभी 9 सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट एनजीटी के मानकों के अनुरूप कार्य कर रहे हैं।

ऋषिकेश ढालवाला क्षेत्र में 8 एमएलडी क्षमता का नया सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट मार्च 2026 तक पूर्ण होकर संचालित होने लगेगा। इस परियोजना से 2445 घरों को सीवेज कनेक्शन से जोड़ा जाएगा, जिससे गंगा में गिरने वाले अपशिष्ट जल पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित होगा।

लैगेसी वेस्ट के उपचार हेतु डीपीआर तैयार

टिहरी एवं चम्बा नगर पालिका क्षेत्रों में लैगेसी वेस्ट के निस्तारण के लिए डीपीआर तैयार की जा रही है। इससे ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी और पर्यावरण संरक्षण को बल मिलेगा।

14 घरों की ग्रे वाटर लाइन बंद

मुनी की रेती और चन्द्रेश्वर नगर क्षेत्र में जल संस्थान एवं नगर निकाय की संयुक्त टीम द्वारा 14 घरों की ग्रे वाटर पाइपलाइन बंद कराई गई, ताकि नालों के माध्यम से गंगा नदी में दूषित जल का प्रवाह रोका जा सके।

अधिकारियों की उपस्थिति

बैठक में डीएफओ वन प्रभाग टिहरी पुनीत तोमर, अधीक्षण अभियंता पेयजल निगम टिहरी, जिला पंचायत राज अधिकारी एम.एम. खान, मुख्य कृषि अधिकारी विजय देवराड़ी, अधिशासी अभियंता जल संस्थान देवप्रयाग एवं ऋषिकेश, परियोजना प्रबंधक निर्माण एवं अनुरक्षण इकाई (गंगा) श्रीनगर तथा नई टिहरी, ऋषिकेश, देवप्रयाग, कीर्तिनगर एवं तपोवन के अधिशासी अधिकारी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।

बैठक में गंगा की स्वच्छता एवं अविरलता बनाए रखने के लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।

Related Articles

Back to top button