हरेला पर्व पर नगर निगम ऋषिकेश का हरित संकल्प, ट्रांजिट कैंप और स्मृति वन में हुआ वृहद वृक्षारोपण
महापौर ने किया पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश; अधिकारियों-कर्मचारियों ने पौधों की देखभाल का लिया संकल्प

ऋषिकेश(दिलीप शर्मा): उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला के अवसर पर नगर निगम ऋषिकेश ने पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास का संदेश देते हुए गुरुवार को ट्रांजिट कैंप एवं स्मृति वन क्षेत्र में वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाया। कार्यक्रम का शुभारंभ महापौर ने पौधारोपण कर किया और नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।

महापौर ने कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी आस्था, जिम्मेदारी और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प है। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों के बीच प्रत्येक व्यक्ति को पौधारोपण को जन आंदोलन बनाना होगा। यदि आज हम पेड़ों का संरक्षण करेंगे तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, सुरक्षित और हरित वातावरण उपलब्ध कराया जा सकेगा।
कार्यक्रम में नगर आयुक्त, उप नगर आयुक्त, सहायक नगर आयुक्त सहित नगर निगम के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल हुए। सभी ने पौधारोपण करने के साथ-साथ लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का भी संकल्प लिया।
नगर निगम प्रशासन ने कहा कि हरेला पर्व के माध्यम से लोगों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। वृक्षारोपण अभियान का उद्देश्य केवल पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि उनके संरक्षण के प्रति जनभागीदारी सुनिश्चित करना भी है।
नगर निगम ऋषिकेश की ओर से आयोजित यह हरित अभियान पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है, जिससे शहर में हरियाली बढ़ाने के साथ-साथ आमजन को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश भी मिला।










