हरेला पर्व पर टिहरी में वृहद वृक्षारोपण अभियान, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने लगाया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
भोनाबागी टीसीआर परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए, जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने किया "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान से जुड़ने का आह्वान

नई टिहरी(दिलीप शर्मा): हरेला पर्व के अवसर पर टिहरी डैम वन प्रभाग (प्रथम) के तत्वावधान में भोनाबागी टीसीआर परिसर में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, वन विभाग, विभिन्न विभागों के अधिकारियों, स्कूली छात्र-छात्राओं और स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण और हरित उत्तराखंड के निर्माण का सामूहिक संकल्प भी दोहराया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने कहा कि पर्यावरण का संरक्षण और संवर्धन प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि हरेला पर्व के अवसर पर जनपदभर में चलाया जा रहा वृक्षारोपण अभियान आने वाले वर्षों में सकारात्मक परिणाम देगा। उन्होंने सभी जनपदवासियों को हरेला पर्व की शुभकामनाएं देते हुए “हर गाँव का यही पैगाम-एक पेड़ माँ के नाम” अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। साथ ही प्रत्येक व्यक्ति से कम से कम एक पौधा लगाने और उसके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।

वृक्षारोपण कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने देवदार, अपर प्रमुख वन संरक्षक नरेश कुमार ने अंगा, दर्जाधारी राज्य मंत्री एवं ओबीसी उपाध्यक्ष खेम सिंह चौहान ने चसनेट, जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवाण एवं मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने बांज, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत ने बुरांश तथा नगर पालिका चम्बा की अध्यक्ष शोभनी धनोला, नई टिहरी के मोहन सिंह रावत एवं ब्लॉक प्रमुख चम्बा सुमन सजवाण ने बांज के पौधों का रोपण किया।

कार्यक्रम में बीकेटीसी सदस्य दिनेश डोभाल, भाजपा एनजीओ प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक सुशील बहुगुणा, डीएफओ टिहरी पुनीत तोमर, डीएफओ टिहरी डैम संदीपा शर्मा, अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग के.एस. रावत, आईटीबीपी के अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा स्कूली छात्र-छात्राओं ने भी विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
हरेला पर्व के अवसर पर आयोजित इस अभियान ने जनभागीदारी के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सामूहिक प्रयासों को नई ऊर्जा प्रदान की। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने पौधारोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण का भी संकल्प लिया, ताकि भविष्य की पीढ़ियों को स्वच्छ, हरित और संतुलित पर्यावरण उपलब्ध कराया जा सके।










