उत्तराखंडटिहरी गढ़वालमुनि की रेतीहरेला पर्व

हरेला पर्व पर मुनिकीरेती-ढालवाला में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान, 75 फलदार पौधों का हुआ रोपण

पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश, प्रत्येक घर तक पौधे पहुंचाने की निकाय ने बनाई योजना

टिहरी/मुनिकीरेती,16जुलाई(दिलीप शर्मा): हरेला पर्व के अवसर पर नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला की ओर से ‘एक पेड़ मां के नाम’ थीम के तहत व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान नगर क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर 75 फलदार पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य का संदेश दिया गया। जनप्रतिनिधियों, पालिका अधिकारियों, कर्मचारियों और सभासदों ने पौधारोपण में बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।

गुरुवार को आयोजित कार्यक्रम में पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण एवं अधिशासी अधिकारी बद्री प्रसाद भट्ट के नेतृत्व में 14 बीघा रामलीला मैदान, शीशम झाड़ी गंगा वाटिका पार्क तथा भद्रकाली मंदिर के समीप विभिन्न प्रजातियों के फलदार पौधे लगाए गए। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने पर विशेष जोर दिया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी आस्था, कृतज्ञता और पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जलवायु परिवर्तन, बढ़ते प्रदूषण और पर्यावरणीय असंतुलन जैसी चुनौतियां गंभीर होती जा रही हैं। ऐसे में हरेला पर्व का महत्व और अधिक बढ़ जाता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को इस अवसर पर पौधारोपण करने के साथ-साथ पौधों के संरक्षण का भी संकल्प लेना चाहिए। यदि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल की जाए तो यही प्रयास भविष्य में स्वच्छ, सुरक्षित और हरित पर्यावरण की मजबूत नींव बनेगा।

अधिशासी अधिकारी बद्री प्रसाद भट्ट ने बताया कि नगर पालिका परिषद हरेला पर्व को जनभागीदारी से जोड़ने की दिशा में विशेष पहल कर रही है। उन्होंने कहा कि नगर क्षेत्र के सभी वार्डों में प्रत्येक घर तक पौधे उपलब्ध कराने की योजना बनाई गई है, ताकि अधिक से अधिक परिवार वृक्षारोपण अभियान से जुड़ सकें और नगर क्षेत्र को हराभरा बनाने में अपनी सहभागिता निभा सकें।

कार्यक्रम में सभासद विनोद खंडूड़ी, ब्रिजेश गिरी, गजेंद्र सजवाण, स्वाति पोखरियाल, विनोद सकलानी, सभासद प्रतिनिधि अजय रमोला एवं अरविंद नेगी, मुख्य सफाई निरीक्षक नितिन सती, अवर अभियंता सचिन, सफाई निरीक्षक कमल चौहान, प्रधान सहायक कैलाश चंद्र सेमवाल, कर निरीक्षक आकाश अग्रवाल, लिपिक विकास सेमवाल, संजय सिंह, अमित नेगी, अनुज, आकाश कैंतूरा, सफाई सुपरवाइजर बाबू सिंह, मायाराम सहित पालिका के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

पालिका प्रशासन ने नागरिकों से अपील की कि हरेला पर्व के संदेश को केवल एक दिन तक सीमित न रखते हुए वर्षभर पौधारोपण और पर्यावरण संरक्षण के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाएं, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, सुरक्षित और हरित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

Related Articles

Back to top button