उत्तराखंडहल्द्वानी

व्यापारियों से सीएम धामी का संवाद, बोले- “आप व्यापार बढ़ाइए, सरकार आपके साथ खड़ी है”

जीएसटी सरलीकरण, पार्किंग, मंडी शुल्क और औद्योगिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर हुई चर्चा

हल्द्वानी, 29 अगस्त(दिलीप शर्मा): राष्ट्रीय खेल दिवस कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आईटीसी फॉर्च्यून में कुमाऊं मंडल के व्यापारियों, उद्योग प्रतिनिधियों और विभिन्न व्यापार मंडलों के पदाधिकारियों से संवाद किया। मुख्यमंत्री ने व्यापारियों की समस्याएं और सुझाव सुनते हुए उनके समाधान के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

संवाद में जीएसटी प्रक्रियाओं के सरलीकरण, मंडी शुल्क, अतिक्रमण एवं पार्किंग, लीज नवीनीकरण, औद्योगिक क्षेत्रों में सुविधाओं के विस्तार, स्थानीय उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने और युवा उद्यमियों को प्रोत्साहित करने जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठे।

व्यापारी प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ : सीएम

मुख्यमंत्री ने कहा कि व्यापारी और उद्योग प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। कोविड काल में किराना और रिटेल व्यापारियों ने जोखिम उठाकर लोगों तक आवश्यक वस्तुएं पहुंचाईं। उन्होंने व्यापारियों को “ब्रांड इंडिया के सच्चे राजदूत” बताते हुए कहा कि सरकार सुरक्षित, पारदर्शी और सरल कारोबारी वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

29 हजार से अधिक नई एमएसएमई इकाइयां स्थापित

सीएम ने बताया कि प्रदेश में पिछले कुछ वर्षों में 29 हजार से अधिक नई एमएसएमई इकाइयां स्थापित हुई हैं, जिनसे करीब 1.27 लाख युवाओं को प्रत्यक्ष रोजगार मिला है। ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को बढ़ावा देने के लिए 26 विभागों की 206 से अधिक सेवाएं सिंगल विंडो पोर्टल पर ऑनलाइन उपलब्ध हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड स्टार्टअप नीति के साथ 200 करोड़ रुपये का वेंचर फंड स्थापित किया गया है। पर्वतीय क्षेत्रों में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए चमोली, पौड़ी और अल्मोड़ा में औद्योगिक पार्कों हेतु भूमि चिन्हित की गई है।

“मेड इन उत्तराखण्ड” को वैश्विक पहचान दिलाने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय उत्पादों, शिल्पकारों, किसानों और छोटे उद्यमियों को बाजार से जोड़ने के लिए “वन डिस्ट्रिक्ट, टू प्रोडक्ट” जैसी योजनाओं को बढ़ावा दिया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य “मेड इन उत्तराखण्ड” को गुणवत्ता और विश्वास के साथ वैश्विक ब्रांड के रूप में स्थापित करना है।

मुख्यमंत्री ने व्यापारियों और उद्योग जगत से प्रदेश में निवेश एवं व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ाने का आह्वान करते हुए कहा—“आप व्यापार बढ़ाइए, सरकार आपके साथ खड़ी है।” उन्होंने कहा कि व्यापार एवं उद्योग जगत की सहभागिता से विकसित उत्तराखण्ड का संकल्प साकार होगा और राज्य विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी., मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डे सहित व्यापार एवं उद्योग जगत के प्रतिनिधि तथा संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button