मेजर ध्यानचंद की जयंती पर खेल प्रतिभाओं ने दिखाया दमखम
टिहरी में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में करीब 300 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित




टिहरी गढ़वाल, 30 अगस्त(दिलीप शर्मा): हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर जिला प्रशासन टिहरी गढ़वाल एवं जिला खेल कार्यालय नरेंद्रनगर के मार्गदर्शन में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में जिलेभर से पहुंचे करीब 300 खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिताओं का आयोजन पूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम और बोराडी स्टेडियम में किया गया। पूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में अंडर-16 बास्केटबॉल, अंडर-18 हैंडबॉल तथा ओपन हॉकी बालक वर्ग की प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं। वहीं बोराडी स्टेडियम में सॉफ्टबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विभिन्न आयु वर्गों के खिलाड़ियों ने प्रतियोगिताओं में पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ प्रतिभाग किया।

खेल प्रतियोगिताओं के माध्यम से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ ही प्रतिस्पर्धात्मक माहौल में बेहतर प्रदर्शन करने का अवसर मिला। आयोजन के दौरान खेलप्रेमियों और उपस्थित अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि धीरेंद्र जोशी, प्रधानाचार्य ओंकारानंद सरस्वती नीलम, खेल विभाग के प्रशिक्षक वाहिद अहमद, अर्जुन प्रसाद, सनंत कुमार और अमित कुमार सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं खेलप्रेमी मौजूद रहे।
प्रतियोगिताओं के समापन अवसर पर खेल विभाग टिहरी की ओर से विभिन्न स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने खिलाड़ियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर अभ्यास और मेहनत के साथ खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर कहा गया कि खेल न केवल शारीरिक और मानसिक विकास का माध्यम हैं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना भी विकसित करते हैं। खिलाड़ियों को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में भी खेल प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।





