मालागूंठी में डंपर और स्विफ्ट डिजायर की भीषण भिड़ंत, दो की मौत
कार में सवार चार लोगों में दो ने तोड़ा दम, दो घायलों को एम्स ऋषिकेश रेफर; SDRF ने क्षतिग्रस्त वाहन से लोगों को बाहर निकाला




ऋषिकेश, 31 अगस्त(दिलीप शर्मा): थाना मुनिकीरेती क्षेत्र के मालागूंठी में सोमवार को डंपर और स्विफ्ट डिजायर कार के बीच हुई भीषण टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। हादसा इतना जबरदस्त था कि स्विफ्ट डिजायर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग वाहन के अंदर फंस गए।
जानकारी के अनुसार स्विफ्ट डिजायर कार संख्या UK12F5035 ऋषिकेश से श्रीनगर की ओर जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहे डंपर संख्या UK08CA4949 से मालागूंठी क्षेत्र में उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही चौकी ब्यासी पुलिस बल तत्काल घटनास्थल पर पहुंचा।
कार में फंसे थे चार लोग
हादसे के समय स्विफ्ट डिजायर में कुल चार लोग सवार थे, जिनमें एक पुरुष और तीन महिलाएं शामिल थीं। टक्कर के बाद कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण सभी लोग वाहन के अंदर फंस गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और SDRF टीम को भी तत्काल सूचना दी।
चौकी ब्यासी से मुख्य आरक्षी मोहन सिंह के हमराह SDRF रेस्क्यू टीम घटनास्थल के लिए रवाना हुई। टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय करते हुए आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों की मदद से क्षतिग्रस्त कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने का अभियान चलाया।
दो घायलों को एम्स भेजा गया
रेस्क्यू अभियान के दौरान सभी प्रभावित लोगों को वाहन से बाहर निकाला गया। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो घायल लोगों को तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से ऋषिकेश लाया गया। गंभीर रूप से घायल दोनों लोगों को उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश भेजा गया है।
पुलिस एवं SDRF की त्वरित कार्रवाई के चलते दुर्घटनाग्रस्त वाहन में फंसे लोगों को समय रहते बाहर निकाला जा सका और घायलों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई। हादसे के बाद पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।





